कन्नौज में अपहरण केस का फरार आरोपी गिरफ्तार, इन्दरगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई
टेन न्यूज़ ii 08 अप्रैल 2026 ii प्रभाष चंद्र की खास रिपोर्ट
कन्नौज, उत्तर प्रदेश। अपहरण के मामले में फरार चल रहे एक वांछित अभियुक्त को थाना इन्दरगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार द्वारा चलाए जा रहे अपराधियों के खिलाफ अभियान के तहत की गई।
अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी तिर्वा कुलवीर सिंह के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को ग्राम कठार रोड से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, यह मामला 1 दिसंबर 2025 का है, जब थाना इन्दरगढ़ क्षेत्र की एक 17 वर्षीय किशोरी बिना बताए घर से चली गई थी। परिजनों की तहरीर पर 10 दिसंबर 2025 को मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान मामले में गंभीर धाराएं बढ़ाते हुए बीएनएस की धारा 64(1)/87 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 3/4 भी जोड़ी गईं।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान सर्वेश कुमार (24 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय अशोक कुमार, निवासी ग्राम प्रधानपुर थाना मंगलपुर, जनपद कानपुर देहात के रूप में हुई है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य अभियुक्तों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।
