कटरा में अलविदा जुमे की नमाज़ अदा, मस्जिद में उमड़ी अकीदतमंदों की भीड़

टेन न्यूज़ !! 14 मार्च २०२६ !! पप्पू अंसारी , मीरानपुर कटरा (शाहजहाँपुर)। रमज़ान के आख़िरी जुमे यानी अलविदा जुमे की नमाज़ लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित बाड़े वाली मस्जिद में अकीदत और एहतराम के साथ अदा की गई। नमाज़ के दौरान मस्जिद और उसके आसपास का परिसर नमाज़ियों से खचाखच भरा नजर आया। दूर-दराज़ क्षेत्रों से आए लोगों ने भी नमाज़ में शामिल होकर मुल्क में अमन-चैन और खुशहाली की दुआ मांगी।
नमाज़ से पहले मस्जिद के इमाम बन्ने मियां ने अपने बयान में कहा कि रमज़ान का महीना इबादत, रहमत, मग़फिरत और बरकत का महीना है। इसी पाक महीने में कुरान शरीफ नाज़िल हुआ था। उन्होंने कहा कि रमज़ान में अल्लाह तआला अपने बंदों पर खास रहमत बरसाता है, जन्नत के दरवाज़े खोल दिए जाते हैं और जहन्नुम के दरवाज़े बंद कर दिए जाते हैं।
उन्होंने लोगों से अपील की कि रमज़ान के इस मुकद्दस महीने में ज्यादा से ज्यादा इबादत करें, जरूरतमंदों की मदद करें और अपने गुनाहों से तौबा कर अल्लाह से माफी मांगें।
इमाम बन्ने मियां ने बताया कि यदि ईद का दिन जुमे को पड़ता है तो ईद की नमाज़ सुबह 8 बजे अदा कराई जाएगी और समय में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा।
अलविदा जुमे की नमाज़ के दौरान मस्जिद के अंदर और बाहर बड़ी संख्या में नमाज़ी सफ़ों में बैठकर इबादत करते नजर आए। नमाज़ के बाद लोगों ने देश में भाईचारा, अमन-शांति और तरक्की के लिए दुआएं कीं।






