पीलीभीत में भ्रष्टाचार निवारण संगठन की बड़ी कार्रवाई: 5 हजार की रिश्वत लेते संविदा कर्मी रंगे हाथ गिरफ्तार

टेन न्यूज़ !! २७ फरवरी २०२६ !! ब्यूरो रिपोर्ट, पीलीभीत।
उत्तर प्रदेश शासन की जीरो टोलरेंस नीति के तहत भ्रष्टाचार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एंटी करप्शन) बरेली की टीम को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने वन विभाग महोवा रेंज टाइगर रिजर्व में तैनात वीट वाउचर (संविदा कर्मी) संजीव कुमार को 5,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी संजीव कुमार पुत्र स्व. हरीशचन्द्र, मूल रूप से ग्राम बाजपुर नकटोरा थाना लोनार जनपद हरदोई का निवासी है और वर्तमान में सरकारी आवास, चूका गेट टाइगर रिजर्व थाना माधोटाण्डा, जनपद पीलीभीत में रह रहा था।
जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता फैयाज पुत्र नियामतुल्ला निवासी पिपरिया संतोष, थाना माधोटाण्डा की ट्रक गाड़ी के सभी प्रपत्र सही होने तथा मोरिंग मिट्टी निर्धारित मानक के अनुसार वजन में होने के बावजूद आरोपी द्वारा 5,000 रुपये की रिश्वत की मांग की गई थी। इस संबंध में शिकायतकर्ता ने भ्रष्टाचार निवारण संगठन से शिकायत की।
शिकायत का संज्ञान लेते हुए प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सान्याल के नेतृत्व में बरेली मंडल की ट्रैप टीम ने बुधवार 26 फरवरी 2026 को योजनाबद्ध कार्रवाई की। दोपहर करीब 3:10 बजे उत्तर प्रदेश–उत्तराखंड सीमा पर स्थित चूका वार्डर चेक पोस्ट, थाना माधोटाण्डा क्षेत्र में आरोपी को 5,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी के विरुद्ध थाना माधोटाण्डा, जनपद पीलीभीत में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
भ्रष्टाचार निवारण संगठन के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शासन के निर्देशानुसार भ्रष्टाचार के मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जायेगा






