Breaking News : हनुमान जयंती से पहले अलर्ट मोड में प्रशासन: वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने किया हनुमतधाम का निरीक्षण
टेन न्यूज़ डेस्क| शाहजहांपुर | 01 अप्रैल 2026
हनुमान जयंती के मद्देनजर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आया। उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह के साथ हनुमतधाम पहुंचकर तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, शौचालय और बैठने की व्यवस्थाओं को और मजबूत बनाने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
संभावित भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी, सीसीटीवी कैमरों की सक्रियता और लगातार गश्त के निर्देश दिए गए हैं, जिससे पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
इस मौके पर एसपी सिटी देवेंद्र कुमार, अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र, अपर नगर आयुक्त एस.के. सिंह समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
