• Thu. Apr 2nd, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

स्वामी नंद किशोर आचार्य बाल विद्यालय में धूमधाम से मनाया गया दीपावली महोत्सव

ByTen News One Desk

Oct 19, 2025
434 Views

स्वामी नंद किशोर आचार्य बाल विद्यालय में धूमधाम से मनाया गया दीपावली महोत्सव



छात्रों ने भगवान राम की अयोध्या वापसी का दृश्य किया जीवंत, दिया बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश


टेन न्यूज़ !! १९ अक्टूबर २०२५ !! रिपोर्ट – पप्पू अंसारी, लोकेशन : शाहजहांपुर


शाहजहांपुर जनपद के नगर मीरानपुर कटरा में दीपों का पावन पर्व दीपावली शनिवार को स्वामी नंद किशोर आचार्य बाल विद्यालय में बड़े ही हर्षोल्लास और भव्यता के साथ मनाया गया। विद्यालय परिसर को रंग-बिरंगी झालरों, दीपों और आकर्षक रंगोलियों से सजाया गया था। पूरे माहौल में उत्सव और उल्लास की चमक बिखरी रही।

पर्व के अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण, भरत और हनुमान जी की भूमिकाएं निभाते हुए भगवान राम की अयोध्या वापसी का जीवंत मंचन प्रस्तुत किया। बच्चों के प्रभावशाली अभिनय ने दर्शकों को अयोध्या नगरी का सजीव अनुभव कराया। कार्यक्रम ने बुराई पर अच्छाई की विजय और सत्य की शक्ति का सशक्त संदेश दिया।

विद्यालय के शिक्षकों द्वारा तैयार भव्य सिंहासन पर श्रीराम और माता सीता का स्वागत करते भरत का दृश्य दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहा। इसी क्रम में छात्राओं ने मनोहर नृत्य प्रस्तुति दी और लक्ष्मी पूजन कर धन, समृद्धि और मंगल की कामना की।

कार्यक्रम के अंत में छात्र–छात्राओं ने फुलझड़ियाँ, अनार और दीये जलाकर दीपोत्सव का आनंद लिया, जिससे पूरा विद्यालय परिसर प्रकाश और आनंद की ज्योति से आलोकित हो उठा।

विद्यालय की प्रधानाचार्या कु. सीमा परवीन ने सभी छात्रों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि —“दीपावली हमें यह सिखाती है कि सच्चाई और अच्छाई की सदैव विजय होती है। यह पर्व अंधकार पर प्रकाश, और नकारात्मकता पर सकारात्मकता की जीत का प्रतीक है।”

कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय स्टाफ की प्रभा, मंजू, कीर्ति, तहसीन, इरम, अदीबा सहित सभी शिक्षकों का सराहनीय योगदान रहा। पूरे आयोजन में विद्यालय परिसर भक्ति, उल्लास और दीपों की जगमगाहट से नहा उठा। टेन न्यूज़ के लिए शाहजहांपुर कटरा से पप्पू अंसारी की रिपोर्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!