• Sat. Apr 4th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

कन्नौज: डीएम ने 100 शैय्या संयुक्त चिकित्सालय का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश

3 Views

कन्नौज: डीएम ने 100 शैय्या संयुक्त चिकित्सालय का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश


टेन न्यूज़ ii 04 अप्रैल 2026 ii प्रभाष चन्द्र ब्यूरो, कन्नौज। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने शनिवार को 100 शैय्या संयुक्त चिकित्सालय छिबरामऊ का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मरीजों को गुणवत्तापूर्ण एवं त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

डीएम ने पर्चा एवं टोकन काउंटर पर भीड़ को देखते हुए मैनपावर बढ़ाने, काउंटर का विस्तार करने तथा पंजीकरण प्रक्रिया व समय-सारणी की स्पष्ट जानकारी प्रदर्शित करने के निर्देश दिए, जिससे मरीजों को अनावश्यक प्रतीक्षा न करनी पड़े।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्त्री रोग विशेषज्ञ एवं शिशु रोग विशेषज्ञ की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए प्रस्ताव शीघ्र भेजने तथा ईएनटी उपकरण क्रय करने के निर्देश भी दिए। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को अस्पताल के सभी कक्षों का नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाओं में सुधार लाने के निर्देश दिए गए।

दवाओं की उपलब्धता की समीक्षा में 178 प्रकार की दवाएं मौजूद पाई गईं। इस पर डीएम ने मानक के अनुरूप सभी आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही ईएनटी कक्ष, नेत्र कक्ष, ऑपरेशन थिएटर, एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड एवं इमरजेंसी सेवाओं का भी निरीक्षण किया।

डीएम ने मरीजों से वार्ता कर इलाज, दवाओं व अन्य सुविधाओं के संबंध में फीडबैक लिया। उप जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र द्विवेदी एवं जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. के.पी. त्रिपाठी को आईसीयू को शीघ्र क्रियाशील करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में अस्पताल के विभिन्न मदों में व्यय की समीक्षा करते हुए सभी खरीदारी GeM पोर्टल के माध्यम से करने को कहा गया। साथ ही अस्पताल परिसर को स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

डीएम ने स्पष्ट कहा कि मरीजों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और सेवा, संवेदनशीलता व समयबद्धता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुनील कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *