मानव जीवन कल्याण समिति ने मंदिर परिसर में शौचालय निर्माण की उठाई मांग, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
टेन न्यूज़ !! १२ फरवरी २०२६ !! अमुक सक्सेना, तिलहर/ शाहजहांपुर
तिलहर। मानव जीवन कल्याण समिति के कार्यकर्ताओं ने सामाजिक समस्या को लेकर प्रदेश अध्यक्ष पप्पू शर्मा के नेतृत्व में उपजिलाधिकारी सदानंद सरोज को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से समिति ने नेशनल हाईवे स्थित कच्छीयानी खेड़ा हनुमान मंदिर पर श्रद्धालुओं को हो रही असुविधाओं की ओर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया।
समिति ने बताया कि प्रत्येक मंगलवार को मंदिर में हजारों की संख्या में महिलाएं, पुरुष और बच्चे दर्शन व हनुमान चालीसा पाठ के लिए पहुंचते हैं। भारी भीड़ के बावजूद वहां सुलभ शौचालय की कोई व्यवस्था नहीं है, जिससे विशेषकर महिलाओं और बच्चों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। खुले में शौच जैसी समस्या से न केवल असुविधा होती है बल्कि स्वच्छता व्यवस्था भी प्रभावित होती है।
ज्ञापन में मांग की गई कि नगर पालिका परिषद तिलहर द्वारा मंदिर परिसर में शीघ्र सुलभ शौचालय की व्यवस्था कराई जाए, ताकि श्रद्धालुओं को बुनियादी सुविधा मिल सके और स्वच्छता बनी रहे।
इस अवसर पर महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष चंद्रकांता त्रिवेदी, कोषाध्यक्ष गौरव सक्सेना, विवेक शर्मा, सुबोध सक्सेना एडवोकेट, पवनकांत शर्मा एडवोकेट, इशिका शर्मा एडवोकेट, माया देवी रस्तोगी, शैलेंद्र मोहन मिश्रा एडवोकेट, जितेंद्र सिंह एडवोकेट, अखिलेश कुमार गंगवार, सुशांत मिश्रा, राजेश, संजीव कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।







