सार्वजनिक सहयोग से श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन

पूर्व विधायक अरविंद प्रताप सिंह ने श्रीमद् भागवत भगवान को माल्यार्पण कर लिया आशीर्वाद
टेन न्यूज़ ii 05 नवम्बर 2025 ii लोकेशन – छिबरामऊ (कन्नौज) रिपोर्टर – नीरज प्रताप सिंह
कन्नौज जनपद की तहसील छिबरामऊ के विकासखंड सौरिख अंतर्गत ग्राम हरिभानपुर में समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से चल रहे श्रीमद् भागवत कथा साप्ताहिक ज्ञान यज्ञ का आयोजन भक्ति और आस्था के वातावरण में संपन्न हुआ।

मां दुर्गा देवी मंदिर परिसर में मां दुर्गा सत्संग समिति हरिभानपुर द्वारा आयोजित इस कथा में सरस कथा वाचक पंडित शैलेंद्र कुमार मिश्रा (मानस मयूर) ने आज तीसरे दिवस शिव-सती विवाह एवं हिरण्याक्ष व हिरण्यकश्यप वध की हृदयस्पर्शी कथा का भावपूर्ण वर्णन किया। श्रद्धालु भगवान की लीलाओं में भक्ति रस में डूब गए।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक अरविंद प्रताप सिंह एवं एडवोकेट अजयपाल सिंह समेत सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। कथा का समापन सायं 5 बजे प्रसाद वितरण के साथ हुआ।
पूर्व विधायक अरविंद प्रताप सिंह ने श्री भागवत भगवान को माल्यार्पण कर आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि भगवान की कथा सुनना सौभाग्य की बात है — सनातन संस्कृति ही भारत की पहचान है और भगवान की कृपा से ही देश एवं राज्य प्रगति के मार्ग पर अग्रसर हैं।
टेन न्यूज़ से बातचीत में उन्होंने भारतीय महिला क्रिकेट टीम द्वारा विश्व कप जीतकर देश का नाम रोशन करने पर नारी शक्ति पर गर्व व्यक्त करते हुए इसे भगवान का आशीर्वाद बताया।
टेन न्यूज़ के लिए छिबरामऊ (कन्नौज) से नीरज प्रताप सिंह की रिपोर्ट।






