शाहजहाँपुर में नाबालिग से दुष्कर्म के वांछित अभियुक्त को पुलिस ने किया गिरफ्तार
टेन न्यूज़ !! २६ अक्टूबर २०२५ !! रिपोर्ट : डेस्क न्यूज़, लोकेशन : शाहजहांपुर
शाहजहाँपुर जनपद के थाना पुवायाँ पुलिस टीम को शनिवार को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने नाबालिग लड़की से दुष्कर्म संबंधी मुकदमे में वांछित एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की है।
श्रीमान पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर के निर्देशानुसार, अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी पुवायाँ के पर्यवेक्षण एवं प्रभारी निरीक्षक पुवायाँ के नेतृत्व में अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
मामले के अनुसार, 17 जुलाई 2025 को थाना पुवायाँ में वादी द्वारा दी गई तहरीर पर मुकदमा संख्या 538/2025, धारा 137(2) बी.एन.एस. में रिपोर्ट दर्ज की गई थी। आरोप था कि वादी की नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर भगा ले जाया गया।
जांच के दौरान पीड़िता को बरामद कर साक्ष्य संकलित किए गए, जिनके आधार पर अभियुक्त पंकज पुत्र राम शरण कुशवाह, उम्र लगभग 26 वर्ष, निवासी जादोपुर खुर्द, थाना करेली, जनपद पीलीभीत का नाम प्रकाश में आया। जांच के पश्चात मुकदमे में धारा 65(1) बी.एन.एस., 3/4(2) पॉक्सो एक्ट एवं धारा 9 बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 की बढ़ोतरी की गई।
आज मुखबिर की सूचना पर थाना पुवायाँ पुलिस टीम ने बिलसण्डा रोड स्थित शारदा नहर पुल के पास घेराबंदी कर अभियुक्त पंकज को सुबह 9:45 बजे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि अभियुक्त को विधिक कार्रवाई पूर्ण करने के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिस टीम की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए उच्चाधिकारियों ने टीम को पुरस्कृत करने की संस्तुति की है। टेन न्यूज़ के लिए शाहजहांपुर से डेस्क रिपोर्ट







