कटरा में पुलिस का पैदल गश्त, अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
टेन न्यूज़ ii 07 मार्च 2026 ii पप्पू अंसारी
मीरानपुर कटरा/शाहजहांपुर । क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और लोगों में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करने के उद्देश्य से शनिवार को पुलिस ने नगर में व्यापक पैदल गश्त किया।
इस दौरान एसपी ग्रामीण दीक्षा भवरें, तिलहर क्षेत्राधिकारी ज्योति यादव तथा कटरा थाना प्रभारी अवधेश कुमार सिंह भारी पुलिस बल के साथ नगर के विभिन्न मार्गों पर पैदल निकले और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
पुलिस टीम ने कटरा के मुख्य बाजार, हाईवे, ओवरब्रिज और अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में पैदल गश्त कर लोगों से संवाद किया। अधिकारियों ने दुकानदारों और राहगीरों से बातचीत कर सुरक्षा संबंधी जानकारी ली और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की।
गश्त के दौरान सड़क किनारे अतिक्रमण करने वालों को सख्त चेतावनी दी गई तथा ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही त्योहारों और भीड़भाड़ के समय किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न फैलने देने के लिए पुलिस कर्मियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए।
एसपी ग्रामीण दीक्षा भवरें ने कहा कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। इसके लिए समय-समय पर पैदल गश्त कर हालात का जायजा लिया जा रहा है, ताकि आम जनता को सुरक्षित वातावरण मिल सके। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
पैदल गश्त के दौरान बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा और बाजार में सामान्य गतिविधियां जारी रहीं






