गेंहू खरीद में लापरवाही पर शाहजहांपुर डीएम सख्त: अनुपस्थित केंद्र प्रभारी सस्पेंड, FIR की चेतावनी
टेन न्यूज़ || 01 अप्रैल 2026 || डेस्क न्यूज़, शाहजहांपुर
रवि विपणन वर्ष 2026-27 के तहत गेहूं खरीद की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में गेहूं खरीद व्यवस्था को पारदर्शी और सुचारू बनाने के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि किसानों के साथ किसी भी प्रकार की अनियमितता या दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ सीधे एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
बैठक के दौरान उपजिलाधिकारी कलान की निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर बी-पैक्स कलान केंद्र के प्रभारी परिमाल सिंह के अनुपस्थित पाए जाने पर उन्हें सस्पेंड करने के निर्देश दिए गए। वहीं यूपीएसएस के जिला प्रबंधक प्रवीण पाल की अनुपस्थिति पर जिलाधिकारी ने प्रतिकूल प्रविष्टि देने के आदेश जारी किए। इसके अलावा यूपीएसएस के कई केंद्रों के क्रियाशील न होने पर भी नाराजगी जताई गई।
डीएम ने सभी केंद्र प्रभारियों को निर्देशित किया कि गेहूं खरीद पूरी पारदर्शिता के साथ की जाए और किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। केंद्रों पर पेयजल, छाया और बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रत्येक खरीद केंद्र पर सभी जरूरी अभिलेख उपलब्ध रहें और किसानों के साथ खरीद के समय फोटो भी ली जाए, ताकि प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे।
जिलाधिकारी ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्थापित क्रय केंद्रों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश देते हुए कहा कि गेहूं खरीद प्रक्रिया में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
