• Tue. Apr 7th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

फिजिशियन डॉ. संदीप सिन्हा की विशेष सलाह , योग, प्राणायाम और संतुलित आहार से रहें स्वस्थ

ByTen News One Desk

Nov 9, 2025
109 Views

फिजिशियन डॉ. संदीप सिन्हा की विशेष सलाह , योग, प्राणायाम और संतुलित आहार से रहें स्वस्थ


टेन न्यूज़ !! ०९ नवम्बर २०२५ !! अमुक सक्सेना,  तिलहर/शाहजहांपुर


बदलते मौसम में स्वास्थ्य के प्रति सचेत रहना अत्यंत आवश्यक है। इस संबंध में नगर के प्रसिद्ध फिजिशियन डॉ. संदीप सिन्हा ने नागरिकों को स्वस्थ रहने के लिए विशेष सलाह दी है। उन्होंने कहा कि प्राणायाम और योगासन को अपनी दिनचर्या में शामिल करने से शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली (इम्यून सिस्टम) को मजबूत किया जा सकता है।

डॉ. सिन्हा ने बताया कि प्रतिदिन अनुलोम-विलोम, कपालभाति, भस्त्रिका और भ्रामरी प्राणायाम करने से फेफड़े साफ रहते हैं और श्वसन तंत्र मजबूत होता है। इसके साथ ही भुजंगासन, वक्रासन और ताड़ासन जैसे योगासन शरीर को लचीला बनाए रखते हैं और रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाते हैं।

उन्होंने बताया कि तापमान में उतार-चढ़ाव, हवा में नमी और प्रदूषण का स्तर हमारी रोग प्रतिरोधक क्षमता को प्रभावित करते हैं। ऐसे में शरीर को नई परिस्थितियों के अनुरूप ढलने में समय लगता है, इसलिए इस मौसम में सेहत की देखभाल और संतुलित आहार बेहद जरूरी है।

डॉ. सिन्हा ने सलाह दी कि रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए मौसमी फल और सब्जियां जैसे गाजर, पालक, संतरा, आंवला आदि का सेवन करें। साथ ही बादाम, अखरोट जैसे मेवे, दालें और हल्दी-अदरक की चाय को अपने भोजन का हिस्सा बनाएं।

उन्होंने कहा कि सर्दी के मौसम में मीठे, तले-भुने और मसालेदार भोजन से परहेज करें, क्योंकि ये शरीर में सूजन और बलगम बढ़ाते हैं। वहीं शराब और अधिक कैफीन युक्त पेय पदार्थों से दूरी बनाकर रखें क्योंकि ये शरीर में डिहाइड्रेशन और कमजोरी पैदा कर सकते हैं।

खांसी-जुकाम की स्थिति में गर्म सूप, दलिया, शहद, गुनगुना पानी और हल्दी वाला दूध अत्यंत लाभकारी हैं। गले को आराम देने के लिए अदरक-शहद का मिश्रण और मुलेठी का सेवन भी उपयोगी बताया गया है।

अंत में डॉ. सिन्हा ने कहा कि “स्वस्थ जीवन के लिए संतुलित आहार, नियमित योग और सकारात्मक सोच सबसे बड़ा औषधि है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *