राज्य महिला आयोग की सदस्य ने महिलाओं की सुनी शिकायतें
टेन न्यूज़ !! १७ जुलाई २०२५ !! रामजी पोरवाल ब्यूरो, औरेया
उ0प्र0 राज्य महिला आयोग की सदस्या श्रीमती अनीता गुप्ता ने महिला उत्पीड़न की रोकथाम एवं पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाने के लिए नगर पंचायत दिबियापुर सभागार में महिला जनसुनवाई करते हुए पीड़ित महिलाओं की समस्याओं को सुना।
महिला जनसुनवाई के दौरान विधवा पेंशन, घरेलू हिंसा, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना एवं भूमि विवाद से संबंधित 19 शिकायती पत्र प्राप्त हुए जिसमें एक का मौके पर निस्तारण किया गया। साथ ही उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि शेष शिकायती पत्रों का समय से निस्तारण कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को आईसीसी समिति का गठन करने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सभी बहन- बेटियों के मान सम्मान को बनाये रखने के लिए उनकी सुरक्षा हेतु 1090, 181, 1076,112,102,1930,101,1098,108 टोल फ्री हेल्पलाइन नंबरों का संचालन कर रही है। यदि कोई भी व्यक्ति किसी भी महिला एवं बालिका के मान सम्मान को ठेस पहुंचाने की कोशिश करता है तो वह बे-झिझक इन टोल फ्री नम्बर का उपयोग कर शिकायत कर सकती है। यदि उनको समय से न्याय नही मिलता है तो वे राज्य महिला आयोग में शिकायत दर्ज करा सकती है। ऐसे प्रकरणों पर निश्चित ही महिला आयोग से समस्या से पीड़ित महिलाओं व बालिकाओं को न्याय मिलेगा।
इस अवसर पर अध्यक्ष नगर राघव मिश्रा, पूर्व राज्यमंत्री/ विधायक लाखन सिंह राजपूत, डिप्टी कलेक्टर अजय आनंद वर्मा, क्षेत्राधिकारी सदर अशोक सिंह, तहसीलदार सदर , जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजीव कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार मौर्य, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुरेंद्र त्रिपाठी, जिला प्रोबेशन अधिकारी अशोक कुमार, अधिशाषी अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी एवं पीड़ित महिलाएं उपस्थित रहे।