तहसीलदार की कार्रवाई: नगर पंचायत भूमि से अवैध कब्जा हटाया, जेसीबी से निर्माण ध्वस्त
टेन न्यूज़ ii 04 अप्रैल ii पप्पू अंसारी
मीरानपुर कटरा (शाहजहांपुर)। नगर पंचायत की जमीन पर किए जारहे अवैध कब्जे के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की। तहसीलदार दीपेंद्र कुमार के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी मशीन से अवैध निर्माण को ध्वस्त कर भूमि को कब्जा मुक्त कराया।
जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी शिवलाल राम ने थाना प्रभारी को दिए प्रार्थना पत्र में अवगत कराया था कि नगर पंचायत कार्यालय परिसर स्थित भूखंड संख्या 1406 पर शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण कार्य प्रस्तावित है। इसी भूमि के पास मोहल्ला कायस्थान निवासी अंकुर अग्रवाल पुत्र विनोद कुमार द्वारा पक्का निर्माण कर अवैध कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा था।
शिकायत के आधार पर तहसीलदार दीपेंद्र कुमार ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया और तत्काल कार्रवाई करते हुए जेसीबी मशीन से अवैध निर्माण को हटवा दिया। इस दौरान पूरे क्षेत्र में प्रशासन की सख्ती देखने को मिली।
तहसीलदार दीपेंद्र कुमार ने बताया कि नगर पंचायत की भूमि को पूरी तरह कब्जा मुक्त करा लिया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दोबारा कब्जा करने का प्रयास किया गया तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार मनु माथुर, अधिशासी अधिकारी शिवलाल राम, थाना प्रभारी निरीक्षक सहित भारी पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध कब्जाधारियों में हड़कंप मच गया है।

