पीलीभीत में टाइगर के हमले से महिला की मौत, जंगल किनारे मिला शव

टेन न्यूज़ !! १२ फरवरी २०२६ !! लोकेशन: पीलीभीत, रिपोर्ट: रामचंद्र सक्सेना, ब्यूरो चीफ
पीलीभीत टाइगर रिजर्व क्षेत्र से सटे गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां टाइगर के हमले में एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। घटना थाना न्यूरिया क्षेत्र की ग्राम पंचायत महोफ की है।
जानकारी के अनुसार पारुल राय (65 वर्ष), पत्नी सुकुमार राय, मंगलवार शाम घर से करीब 50–60 मीटर दूर शौच के लिए गई थीं। देर शाम तक उनके वापस न लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन रात में कोई सुराग नहीं मिला। बुधवार सुबह गांव के पास जंगल क्षेत्र में महिला का शव पड़ा मिला, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग और पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में टाइगर के हमले की पुष्टि मानी जा रही है, क्योंकि शव पर जंगली जानवर के हमले के स्पष्ट निशान पाए गए हैं। यह क्षेत्र पीलीभीत टाइगर रिजर्व के टाइगर जोन के अंतर्गत आता है, जहां पहले भी वन्यजीवों की आवाजाही देखी जाती रही है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वन विभाग की टीम आसपास के क्षेत्र में निगरानी बढ़ा रही है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मामले की जांच जारी है।






