महाशिवरात्रि पर रायबरेली में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, 156 शिवालयों पर पुलिस की पैनी नजर

टेन न्यूज़ !! १५ फरवरी २०२६ !! रिपोर्ट वसीम खान ब्यूरो, लोकेशन रायबरेली
रायबरेली: जनपद में महाशिवरात्रि का पर्व पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। इस पावन अवसर पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
अपर पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार सिन्हा ने जानकारी देते हुए बताया कि रायबरेली जनपद में कुल 156 शिवालय हैं, जहाँ सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने बताया कि जनपद में चार प्रमुख शिव मंदिर हैं, जहाँ विशेष व्यवस्था की गई है। इनमें मुख्य रूप से जगमहोनेश्वर मंदिर, कोठी मंदिर, सुपरमार्केट स्थित भवरेश्वर मंदिर और अन्य महत्वपूर्ण शिवालय शामिल हैं।
इन मंदिरों पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। इसके साथ ही, नदी किनारे स्थित घाटों पर किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए जल पुलिस की भी विशेष व्यवस्था की गई है।
अपर पुलिस अधीक्षक ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और शांतिपूर्ण व अनुशासित तरीके से पूजा-अर्चना संपन्न करें।
रायबरेली से ब्यूरो वसीम खान की रिपोर्ट






