ड्यूटी के दौरान दर्दनाक हादसा: जीआरपी सिपाही ट्रेन की चपेट में आया, दोनों पैर कटे
टेन न्यूज ii 01 अप्रैल 2026 ii डेस्क न्यूज़
गोंडा | उत्तर प्रदेश
गोंडा रेलवे स्टेशन पर देर रात एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां ड्यूटी के दौरान एक जीआरपी कांस्टेबल ट्रेन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सहायक उप निरीक्षक विजय कुमार को रात करीब 12:15 बजे वॉकी-टॉकी के माध्यम से सूचना मिली कि ट्रेन संख्या 15903 प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर खड़ी है। सूचना पर बीट स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचने पर पता चला कि जीआरपी गोंडा पोस्ट के पास एक व्यक्ति का पीछा करते समय ऑन ड्यूटी कांस्टेबल आकाश सिंह ट्रेन की चपेट में आ गए।
हादसा इतना भीषण था कि कांस्टेबल आकाश सिंह के दोनों पैर कटकर अलग हो गए। वहीं, एक अन्य व्यक्ति भी ट्रेन के दूसरी ओर घायल अवस्था में पाया गया।
घटना के बाद तुरंत एंबुलेंस बुलाकर दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए जिला चिकित्सालय गोंडा भेजा गया। आरपीएफ कांस्टेबल श्री कृष्णा यादव को भी उनके साथ अस्पताल भेजा गया है।
फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई जारी है और अधिकारियों को घटना की सूचना दे दी गई है।
ड्यूटी के दौरान हुआ यह हादसा पुलिस महकमे के लिए बेहद चिंताजनक और दुखद बताया जा रहा है।
