होली के दौरान मारपीट का वीडियो वायरल, पीड़ित ने पुलिस पर कार्रवाई न करने का लगाया आरोप
टेन न्यूज़ ii 07 मार्च 2026 ii राकेश सिंह ब्यूरो, सुल्तानपुर
सुल्तानपुर जनपद के गोसाईनगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत अलहदादपुर, मोतीगंज गांव में होली के दौरान हुई मारपीट का एक गंभीर मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
बताया जा रहा है कि होली के दिन किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। वायरल वीडियो में कुछ लोग एक युवक के साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं। घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने पुलिस से शिकायत की है।
पीड़ित सौरभ यादव के अनुसार, शिकायत देने के बावजूद अब तक पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उनका आरोप है कि आरोपी पक्ष के लोग लगातार उनके घर के पास आकर गाली-गलौज कर रहे हैं और धमकी दे रहे हैं, जिससे उनके परिवार में डर और दहशत का माहौल बना हुआ है।
पीड़ित ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो के बाद स्थानीय लोगों में भी इस घटना को लेकर नाराजगी देखी जा रही है।
फिलहाल पुलिस की ओर से इस मामले में क्या कार्रवाई की गई है, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। क्षेत्र के लोग प्रशासन से जल्द कार्रवाई की उम्मीद जता रहे हैं।






