• Mon. Oct 12th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

शाहजहांपुर के 53 हजार किसानों को मिलेगी 22.13 करोड़ की सहायता राशि

ByTen News One Desk

Oct 12, 2026
3 Views

शाहजहांपुर के 53 हजार किसानों को मिलेगी 22.13 करोड़ की सहायता राशि


1,688 गांवों में 11,694 हेक्टेयर फसल क्षेत्र प्रभावित, डीबीटी से खातों में भेजी जा रही धनराशि


टेन न्यूज़ !! १२ अक्टूबर २०२६ !! डीपी सिंह डेस्क न्यूज़

शाहजहांपुर, 12 अक्टूबर। प्राकृतिक आपदाओं से फसल क्षति झेलने वाले किसानों को राहत देने के लिए जनपद शाहजहांपुर में लगभग 53 हजार किसानों के लिए 22.13 करोड़ रुपये की कृषि निवेश अनुदान सहायता निर्धारित की गई है। जिले के 1,688 गांवों में करीब 11,694 हेक्टेयर फसल क्षेत्र प्रभावित होने का आकलन किया गया है। पात्र किसानों के बैंक खातों में सहायता राशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से भेजी जा रही है।

जिला प्रशासन के अनुसार, सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर से आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से प्रदेश के नौ लाख से अधिक किसानों को बाढ़, अतिवृष्टि और चक्रवात से फसल क्षति के लिए कुल 493 करोड़ रुपये की कृषि निवेश अनुदान राशि हस्तांतरित की। इसी क्रम में शाहजहांपुर के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों और तहसीलों में कार्यक्रम आयोजित कर वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना के नेतृत्व में  जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में प्रभावित किसानों को प्रतीकात्मक डमी चेक वितरित किए गए।

चक्रवात से सर्वाधिक किसान प्रभावित

जिले में आपदा के प्रकार के अनुसार चक्रवात से प्रभावित लगभग 48 हजार किसानों के लिए 20 करोड़ रुपये, बाढ़ से प्रभावित करीब 2,400 किसानों के लिए 89 लाख रुपये तथा अतिवृष्टि से प्रभावित किसानों के लिए 87 लाख रुपये की सहायता निर्धारित की गई है।

तहसीलवार सहायता राशि का विवरण

  • सदर विधानसभा क्षेत्र: 1,570 लाभार्थियों के लिए 62.76 लाख रुपये निर्धारित। वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना की उपस्थिति में प्रतीकात्मक चेक वितरित किए गए।
  • ददरौल विधानसभा क्षेत्र: 11,319 लाभार्थियों के लिए 4.73 करोड़ रुपये निर्धारित। विधायक अरविंद कुमार सिंह की उपस्थिति में चेक वितरित किए गए।
  • पुवायां तहसील: 11,964 लाभार्थियों के लिए 7.45 करोड़ रुपये निर्धारित। विधायक चेतराम की उपस्थिति में चेक वितरित किए गए।
  • तिलहर तहसील: 9,943 लाभार्थियों के लिए 4.48 करोड़ रुपये निर्धारित। विधायक सलोना कुशवाहा के प्रतिनिधि की उपस्थिति में चेक वितरित किए गए।
  • जलालाबाद तहसील: 7,801 लाभार्थियों के लिए 2.68 करोड़ रुपये निर्धारित। विधायक हरिप्रकाश वर्मा की उपस्थिति में चेक वितरित किए गए।
  • कलान तहसील: 7,434 लाभार्थियों के लिए 1.98 करोड़ रुपये निर्धारित। विधायक वीर विक्रम सिंह की उपस्थिति में चेक वितरित किए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित प्रत्येक पात्र किसान को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि कृषि निवेश अनुदान की राशि किसानों को आर्थिक राहत देने के साथ अगली फसल की तैयारी के लिए बीज, खाद और अन्य आवश्यक कृषि संसाधन जुटाने में मददगार होगी।

कार्यक्रमों में मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), संबंधित उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और किसान उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!