राम बगिया तालाब में कूड़ा डालने पर रोक, तहसीलदार ने दिए सख्त निर्देश
टेन न्यूज़ !! २५ अगस्त २०२५ !! पप्पू अंसारी, मीरानपुर कटरा (शाहजहाँपुर)।
लखनऊ–दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे शारदा नहर पुल के पास स्थित ऐतिहासिक रमबगिया तालाब में नगर का गंदा कचरा डाले जाने पर प्रशासन ने रोक लगा दी है। लंबे समय से ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से तालाब में गंदा कचरा फेंका जा रहा था, जिससे तालाब पाटने की नौबत आ गई थी।
कूड़े-कचरे के सड़ने से तेज दुर्गंध फैल रही थी, जिसके चलते आसपास के लोगों को सांस लेने में तकलीफ होने लगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि दूषित वातावरण से दमा व अन्य बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। वहीं तालाब में बढ़ते मच्छरों से संक्रामक रोग फैलने का भी डर है।
समस्या को गंभीर मानते हुए कस्बे के लोगों ने तिलहर तहसीलदार दीपेंद्र कुमार से शिकायत की। मामले की जांच के लिए तहसीलदार ने लेखपाल अनुराग को मौके पर भेजा। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद तहसीलदार ने नगर पंचायत को कड़े निर्देश दिए।
नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी शिवलाल राम ने बताया कि कर्मचारियों को सख्त चेतावनी देकर रमबगिया तालाब में कचरा डालना पूरी तरह से रोक दिया गया है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन की कार्रवाई का स्वागत करते हुए तालाब को बचाने की दिशा में ठोस कदम उठाने की मांग की है।







