मीरानपुर कटरा सीएचसी में शुरू हुआ प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र, अब मरीजों को मिलेंगी सस्ती और गुणवत्तापूर्ण दवाएं
टेन न्यूज़ !! २६ अगस्त २०२५ !! पप्पू अंसारी, मीरानपुर कटरा (शाहजहांपुर)।
सस्ती और गुणवत्तापूर्ण दवाएं अब आम जनता को आसानी से उपलब्ध होंगी। सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मीरानपुर कटरा में प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन क्षेत्रीय नोडल अधिकारी डॉ. इरफ़ान खान ने फीता काटकर किया।
इस अवसर पर डॉ. खान ने बताया कि केंद्र पर मिलने वाली दवाएं बाजार से करीब 50 प्रतिशत तक सस्ती होंगी और इनकी गुणवत्ता की नियमित जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस योजना से मरीजों को छोटी-मोटी बीमारियों के इलाज में काफी राहत मिलेगी और उनके खर्चे में कमी आएगी।
सीएचसी प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. फैजान खान ने कहा कि यह केंद्र गरीब और जरूरतमंद मरीजों के लिए बड़ी सुविधा साबित होगा। यहां उपलब्ध दवाएं ब्रांडेड दवाओं की तरह ही प्रभावी और सुरक्षित होंगी।
सरकार की ओर से यह केंद्र अनूप गुप्ता को कॉन्ट्रेक्ट पर दिया गया है, जबकि मरीजों को दवाएं फार्माशिष्ट अतुल कुमार गौतम वितरित करेंगे। गौतम ने बताया कि दवाओं की आपूर्ति नियमित रूप से होगी और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
उद्घाटन अवसर पर डॉ. अतुल चौधरी, बीपीएम अजीत सिंह, फार्माशिष्ट राजकिशोर, एलटी मयंक गंगवार, अमन सिंह, अवधेश कुमार, जोगिंदर समेत स्वास्थ्य केंद्र का पूरा स्टाफ मौजूद रहा।

