त्योहारों पर शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु कटरा थाने में बैठक आयोजित
टेन न्यूज़ !! २७ अगस्त २०२५ !! पप्पू अंसारी, मीरानपुर कटरा (शाहजहाँपुर)।
आगामी त्यौहार श्रीगणेश चतुर्थी और बारावफात को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को थाना कटरा परिसर में पुलिस उपाधीक्षक आकृति पटेल एवं थाना प्रभारी जुगल किशोर पाल की अध्यक्षता में चौकीदारों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सीओ आकृति पटेल ने सभी चौकीदारों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि त्योहारों पर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने क्षेत्र में गश्त बढ़ाने, संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने और सतर्क रहने पर विशेष जोर दिया। थाना प्रभारी जुगल किशोर पाल ने चौकीदारों से अपनी ड्यूटी जिम्मेदारी से निभाने और किसी भी जानकारी को तत्काल पुलिस तक पहुँचाने की अपील की।
इसी क्रम में अंडर ट्रेनिंग सीओ आकृति पटेल ने थाने में बीट सिपाहियों की बैठक भी आयोजित की। बैठक में उन्होंने कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए जरूरी दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बीट सिपाहियों को त्यौहार रजिस्टर को समय-समय पर अपडेट करने पर विशेष जोर दिया। सीओ ने कहा कि त्यौहार रजिस्टर पुलिसिंग का अहम हिस्सा है, जिसके जरिए क्षेत्र की गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा सकती है।
बैठक में यह जानकारी भी साझा की गई कि कई स्थानों पर बीट सिपाहियों द्वारा रजिस्टर अपडेट किए जा चुके हैं। साथ ही सीओ ने सभी बीट प्रभारियों को जनता से संवाद बेहतर करने और क्षेत्र की समस्याओं के त्वरित निस्तारण पर बल दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच आपसी भरोसा ही सुरक्षित और शांतिपूर्ण समाज की असली नींव है।







