मिशन शक्ति अभियान में एंटी रोमियो टीमों ने चलाया चेकिंग अभियान

महिलाओं और छात्राओं को सुरक्षा के प्रति किया जागरूक, 1090, 181 और 112 हेल्पलाइन की दी जानकारी
टेन न्यूज़ !! ०७ नवम्बर २०२६ !! डेस्क न्यूज़
शाहजहाँपुर, 7 नवंबर। मिशन शक्ति फेज-6.0 अभियान के अंतर्गत शाहजहाँपुर जनपद की सभी थानों की एंटी रोमियो टीमों ने आगामी त्योहारों को देखते हुए सार्वजनिक स्थलों पर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान महिलाओं, छात्राओं एवं बालिकाओं से संवाद कर उन्हें सुरक्षा, सम्मान और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।
उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर के निर्देशन में चलाए गए अभियान के दौरान थाना क्षेत्रों के सार्वजनिक स्थानों, विद्यालयों के आसपास तथा अन्य संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। पुलिस टीमों ने सार्वजनिक स्थानों पर अनावश्यक रूप से घूमने वाले और संदिग्ध प्रतीत होने वाले व्यक्तियों की चेकिंग की। साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
एंटी रोमियो टीमों ने महिलाओं एवं बालिकाओं से बातचीत कर कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या, अभद्र व्यवहार, छेड़छाड़ अथवा असामाजिक गतिविधि होने पर बिना संकोच पुलिस को सूचना दें। सार्वजनिक स्थानों पर सतर्कता बरतने और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस तक पहुंचाने के लिए भी प्रेरित किया गया।![]()
अभियान के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को शासन और पुलिस विभाग की विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी दी गई। इनमें वुमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, आपातकालीन पुलिस सेवा 112, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 प्रमुख हैं।
शाहजहाँपुर पुलिस ने बताया कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण के लिए एंटी रोमियो टीमों का चेकिंग एवं जागरूकता अभियान लगातार जारी रहेगा। इसका उद्देश्य जनपद में सुरक्षित, सम्मानजनक और भयमुक्त वातावरण बनाए रखना है।