• Sun. May 17th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

BIG NEWS : मीरानपुर कटरा पुलिस ने 54 ग्राम स्मैक के साथ मादक तस्कर पकड़ा, कार्रवाही पर उठे सवाल

ByTen News One Desk

Feb 3, 2026
216 Views

BIG NEWS : मीरानपुर कटरा पुलिस ने 54 ग्राम स्मैक के साथ मादक तस्कर पकड़ा, कार्रवाही पर उठे सवाल


टेन न्यूज़ ii 03 फरवरी 2026 ii नीरज शर्मा, ब्यूरो शाहजहांपुर

शाहजहाँपुर जनपद में अपराध और अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कटरा पुलिस ने 54 ग्राम स्मैक पाउडर के साथ एक युवक को गिरफ्तार करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश शासन की जीरो टॉलरेंस नीति और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशों के क्रम में की गई।

प्रेस नोट के मुताबिक 02 फरवरी 2026 को थाना कटरा पुलिस टीम कानून व्यवस्था ड्यूटी व अपराधियों की तलाश में क्षेत्र में भ्रमणशील थी।

इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर हुलास नगला पुल के पास खड़े एक संदिग्ध युवक को पकड़ लिया गया। तलाशी में उसके पास से 54 ग्राम स्मैक पाउडर बरामद होने की बात कही गई है। गिरफ्तार युवक की पहचान मुजीब पुत्र अनीस (उम्र लगभग 25 वर्ष), निवासी मोहल्ला नादिरशाह, कस्बा कटरा के रूप में हुई है।

इस संबंध में थाना कटरा पर मु.अ.सं. 34/2026 धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस अभिलेखों के अनुसार अभियुक्त का पूर्व में भी एक आपराधिक इतिहास दर्ज है।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने कथित रूप से बताया कि वह स्मैक स्थानीय स्तर पर लाकर ट्रक चालकों को बेचता था और इसी से अपना व परिवार का भरण-पोषण करता था। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अवधेश कुमार सिंह सहित छह पुलिसकर्मी शामिल रहे।

हालांकि इस गिरफ्तारी के बाद क्षेत्र में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। कुछ स्थानीय नागरिकों ने नाम नहीं खोले जाने की शर्त पर कहा है कि कटरा कस्बे में लंबे समय से स्मैक का अवैध कारोबार चल रहा है और छोटे स्तर की कार्रवाई दिखाकर बड़े नेटवर्क पर प्रभावी चोट नहीं की जा रही।

कुछ लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि पकड़े गए युवक को कथित रूप से किसी अन्य स्थान से हिरासत में लिया गया था और बाद में बरामदगी स्थल अलग दर्शाया गया। वहीं यह भी कहा जा रहा है कि आरोपी एक डग्गामार वाहन चालक है और वाहन सहित पकड़े जाने की बात को बाद में बदल कर ओवरब्रिज के पास से पकड़ना दिखाया गया है।

बहरहाल इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है, साथ ही टेन न्यूज पुष्टि भी नहीं करता है। वहीं पुलिस की ओर से इस संबंध में कोई विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया भी सामने नहीं आई है। प्रभारी निरीक्षक ने संक्षिप्त रूप से कहा कि “नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरती जाएगी।”

वहीं क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि यदि बड़े स्तर पर नेटवर्क की जांच हो तो नशे के कारोबार पर प्रभावी रोक लग सकती है।

फिलहाल पुलिस की कार्रवाई और स्थानीय आरोपों के बीच मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। टेन न्यूज़ के लिए शाहजहाँपुर से डेस्क रिपोर्ट नमस्कार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!