• Sat. Apr 18th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

दो दिवसीय ई-कॉमर्स एवं डिजिटल मार्केटिंग प्रशिक्षण हुआ संपन्न

ByTen News One Desk

Feb 17, 2026
39 Views

दो दिवसीय ई-कॉमर्स एवं डिजिटल मार्केटिंग प्रशिक्षण हुआ संपन्न


टेन न्यूज़ ii 17 फरवरी 2026 ii ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल औरैया।

अपेक्षा महिला एवं बाल विकास समिति, द्वारा आयोजित दो दिवसीय ई–कॉमर्स एवं डिजिटल मार्केटिंग प्रशिक्षण मोहल्ला बनारसीदास, फफूंद रोड औरैया स्थित कार्यालय हॉल में प्रशिक्षण के द्वितीय दिवस में ग्रामीण महिलाओं को डिजिटल उद्यमिता की गहन एवं व्यवहारिक जानकारी प्रदान की गई।

कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को ऑनलाइन बाजार से जोड़कर आत्मनिर्भर एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाना रहा। इसके साथ ही हम सीखेंगे, हम कमाएंगे, हम आत्मनिर्भर बनेंगे आदि का मौजूद लोगों ने संकल्प लिया।

प्रशिक्षण सत्र में विषय विशेषज्ञ रवि दीक्षित द्वारा महिलाओं को ऑनलाइन प्लेटफॉर्म एवं बिक्री प्रक्रिया की चरणबद्ध जानकारी दी गई।

गूगल पे, फेसबुक, इंस्टाग्राम सहित अन्य डिजिटल माध्यमों के जरिए उत्पादों की बिक्री, भुगतान प्राप्ति एवं लेन-देन की सुरक्षित प्रक्रिया को सरल भाषा में समझाया गया। महिलाओं को उत्पाद लिस्टिंग की तकनीक सिखाई गई, जिसमें आकर्षक फोटो, स्पष्ट विवरण, उचित मूल्य निर्धारण तथा ग्राहकों को प्रभावित करने की रणनीतियों पर विशेष जोर दिया गया।

साथ ही ऑर्डर प्राप्त करने, ग्राहक से प्रभावी संवाद स्थापित करने एवं भुगतान प्रक्रिया को व्यवस्थित रूप से संचालित करने की व्यवहारिक जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण में पैकेजिंग, समयबद्ध डिलीवरी एवं बेहतर ग्राहक सेवा के महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई। महिलाओं को यह भी बताया गया कि गुणवत्तापूर्ण पैकेजिंग एवं सकारात्मक ग्राहक अनुभव उनके व्यवसाय की पहचान को मजबूत बनाता है।

डिजिटल लेन-देन के बढ़ते प्रचलन को देखते हुए ऑनलाइन सुरक्षा एवं धोखाधड़ी से बचाव के उपायों पर विशेष सत्र आयोजित किया गया, जिसमें साइबर सुरक्षा के बुनियादी नियम, सुरक्षित पासवर्ड, ओटीपी की गोपनीयता तथा संदिग्ध लिंक से सावधानी बरतने के बारे में जानकारी दी गई।

समिति की सचिव ने अपने संबोधन में कहा कि यह प्रशिक्षण केवल जानकारी तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं को व्यवहारिक रूप से सक्षम बनाने की दिशा में एक सशक्त प्रयास है, ताकि वे डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपने उत्पादों की सफल ब्रांडिंग एवं विपणन कर सकें और स्थानीय बाजार से आगे बढ़कर व्यापक बाजार में अपनी पहचान स्थापित कर सकें।

कार्यक्रम में प्रतिभागी महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए डिजिटल माध्यमों के उपयोग से स्वरोजगार बढ़ाने एवं आय सृजन के नए अवसर विकसित करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!