कटरा क्षेत्र में ‘अरुण कोल्ड स्टोरेज एंड एग्रो इंडस्ट्रीज’ का वित्त मंत्री ने किया उद्घाटन, किसानों को मिलेगी बड़ी सुविधा
टेन न्यूज़ ii 22 फरवरी 2026 ii डीपी सिंह @पप्पू अंसारी, मीरानपुर कटरा/शाहजहांपुर।
कटरा क्षेत्र के इंद्रपुर गांव के समीप जलालाबाद रोड पर नवनिर्मित ‘अरुण कोल्ड स्टोरेज एंड एग्रो इंडस्ट्रीज’ का रविवार को वैदिक रीति-रिवाज के साथ भव्य उद्घाटन किया गया। प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने फीता काटकर एवं पूजा-अर्चना के बाद कोल्ड स्टोरेज का शुभारंभ किया। इस अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, किसान एवं व्यापारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
यह कोल्ड स्टोरेज शाहजहांपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद अरुण सागर की पहल पर स्थापित किया गया है। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि क्षेत्र में कृषि आधारित उद्योगों की स्थापना से किसानों को अपनी उपज सुरक्षित रखने की बेहतर सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि अक्सर भंडारण के अभाव में किसानों को कम दाम पर फसल बेचनी पड़ती है, लेकिन इस आधुनिक कोल्ड स्टोरेज के शुरू होने से उन्हें उचित समय पर बेहतर मूल्य मिल सकेगा।
मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। ऐसे उद्योग न केवल कृषि क्षेत्र को मजबूती देंगे, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी सृजित करेंगे।

सांसद अरुण सागर ने अपने संबोधन में कहा कि उनका लक्ष्य क्षेत्र में कृषि एवं व्यापार को बढ़ावा देना है। उन्होंने विश्वास जताया कि ‘अरुण कोल्ड स्टोरेज एंड एग्रो इंडस्ट्रीज’ क्षेत्र के किसानों और व्यापारियों के लिए वरदान साबित होगा। उन्होंने बताया कि अत्याधुनिक तकनीक से युक्त इस स्टोरेज में विभिन्न कृषि उत्पादों का सुरक्षित संरक्षण किया जा सकेगा।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक वीर विक्रम सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष सहित सैकड़ों भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। उद्घाटन के दौरान हवन-पूजन के साथ वैदिक मंत्रोच्चार किया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
उद्घाटन समारोह के बाद अतिथियों ने कोल्ड स्टोरेज का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं की सराहना की। स्थानीय किसानों और व्यापारियों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र की आर्थिक प्रगति की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।






