फर्रुखाबाद में शुक्रवार को एआरटीओ प्रवर्तन और खनन विभाग ने सघन चेकिंग अभियान चलाया

टेन न्यूज़ !! १४ मार्च २०२६ !! तौफीक फारुकी ब्यूरो, फर्रुखाबाद
फर्रुखाबाद में शुक्रवार को एआरटीओ प्रवर्तन और खनन विभाग ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान ओवरलोड माल ढोते हुए चार ट्रकों को सीज किया गया और उन पर कुल 2.33 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया।
यह अभियान जिलाधिकारी के निर्देश पर एआरटीओ-प्रवर्तन सुभाष राजपूत और खनन अधिकारी संजय प्रताप के नेतृत्व में चलाया गया। अभियान के तहत बकाया कर के आरोप में एक अन्य ट्रक भी सीज किया गया, जिस पर 10 हजार रुपए का कर बकाया था।
चेकिंग के दौरान, मोहम्मदाबाद की एक फर्म से सेंट्रल जेल फर्रुखाबाद के नाम पर एक हजार बोरी सीमेंट ले जा रहा एक ट्रक पकड़ा गया। इस ट्रक में 50 हजार रुपए से कम के छह अलग-अलग बिल थे, जिसका उद्देश्य ई-वेबिल से बचना था। यह ट्रक मसेनी से कादरीगेट की ओर दीप पैलेस के पास पकड़ा गया।
जीएसटी चोरी की आशंका पर जीएसटी विभाग के सहायक आयुक्त अमित त्यागी को सूचित किया गया और ट्रक उनके सुपुर्द कर दिया गया। परिवहन विभाग ने इस ट्रक पर 55 हजार रुपए का जुर्माना लगाया है, जबकि जीएसटी विभाग द्वारा 80 हजार रुपए का जुर्माना संभावित है। खनन अधिकारी के साथ की गई एक अन्य चेकिंग में मौरंग ले जा रहा एक ट्रक भी पकड़ा गया।
इस पर परिवहन विभाग ने 57 हजार रुपए और खनन विभाग ने 28 हजार रुपए का जुर्माना लगाया। अधिकारियों ने बताया कि भविष्य में भी ओवरलोड वाहनों के खिलाफ और अधिक कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।






