UPSI-2025 परीक्षा को लेकर एसपी शाहजहांपुर ने परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा

टेन न्यूज़ !! १४ मार्च २०२६ !! डीपी सिंह डेस्क@शाहजहाँपुर। यूपीएसआई-2025 परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर ने शनिवार को जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के प्रवेश की व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल की सतर्कता, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी, परीक्षा कक्षों की व्यवस्था तथा केंद्रों के आसपास की यातायात व्यवस्था का बारीकी से अवलोकन किया। इसके साथ ही परीक्षा केंद्रों के मुख्य द्वारों पर की जा रही चेकिंग प्रक्रिया की भी जांच की गई, ताकि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सभी व्यवस्थाएं प्रभावी रूप से लागू रह सकें।
पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा के दौरान पूरी सतर्कता बरती जाए और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अनियमितता की स्थिति में तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए। साथ ही यह भी निर्देश दिए कि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए और उन्हें शांतिपूर्ण वातावरण में परीक्षा देने की सुविधा मिले।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा देने आए अभ्यर्थियों से बातचीत कर परीक्षा केंद्रों की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी भी ली और उन्हें परीक्षा के लिए शुभकामनाएं दीं। अभ्यर्थियों ने परीक्षा केंद्रों पर की गई व्यवस्थाओं और सुरक्षा प्रबंधों पर संतोष व्यक्त किया।
पुलिस प्रशासन की ओर से परीक्षा को शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और लगातार निगरानी रखी जा रही है।






