Aasam Election 2026: ढेकियाजुली में निर्दलीय अनचुमा बसुमतारी का दमदार शक्ति प्रदर्शन, विकास के वादों से साधे मतदाता

टेन न्यूज ।। 31 मार्च 2026 ।। प्रशांत वैश्य सोनितपुर(असम)
आगामी असम विधानसभा चुनाव को लेकर पूरे राज्य में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में सोनितपुर जिला के 65 नं. ढेकियाजुली विधानसभा क्षेत्र में चुनावी माहौल लगातार गरमाता जा रहा है।
इस बीच माउरियापुर इलाके में निर्दलीय उम्मीदवार अनचुमा बसुमतारी द्वारा एक विशाल चुनावी सभा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भागीदारी देखने को मिली।
सभा को संबोधित करते हुए अनचुमा बसुमतारी ने क्षेत्र के समग्र विकास, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर, बेहतर सड़क संपर्क और बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता देने का वादा किया। उन्होंने कहा कि जनता का सहयोग मिलने पर ढेकियाजुली को विकास की नई दिशा दी जाएगी।
उन्होंने मौजूदा राजनीतिक व्यवस्था पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि आम जनता की समस्याएं लंबे समय से नजरअंदाज होती रही हैं। बसुमतारी ने मतदाताओं से अपील की कि वे इस बार पारंपरिक दलों से हटकर एक निर्दलीय विकल्प को मौका दें।
सभा के बाद उन्होंने आरआरसी क्षेत्र में भी कई जनसभाएं कीं, जहां लोगों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान का भरोसा दिलाया।
गौरतलब है कि ढेकियाजुली क्षेत्र में चुनावी मुकाबला दिन-प्रतिदिन दिलचस्प होता जा रहा है। सभी उम्मीदवार जोर-शोर से प्रचार में जुटे हैं। अनचुमा बसुमतारी ने दावा किया कि इस बार कांग्रेस और भाजपा के उम्मीदवार नहीं, बल्कि एक निर्दलीय प्रत्याशी ही जीत का परचम लहराएगा।










