श्रमिकों के हक पर सख्त डीएम: वेतन, सुरक्षा और पेंशन पर दिए बड़े निर्देश
टेन न्यूज ii 12 अप्रैल 2026 ii प्रभाष चन्द्र ब्यूरो, कन्नौज
कन्नौज (उत्तर प्रदेश)।
जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित गांधी सभागार में जनपद के उद्योगों के सुचारु संचालन एवं श्रमिकों के कल्याण को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न उद्योग इकाइयों में कार्यरत श्रमिकों को मिल रही सुविधाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निजी इकाइयों में श्रमिकों को समय से वेतन भुगतान, नियमानुसार अवकाश, स्वास्थ्य सुविधाएं, सामाजिक सुरक्षा तथा महिला सुरक्षा जैसे मूल अधिकार हर हाल में सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने कहा कि श्रमिकों का सम्मान और सुरक्षा ही उद्योगों की प्रगति की आधारशिला है।
बैठक में एलआईसी के माध्यम से श्रमिकों को समूह बीमा योजनाओं से जोड़ने पर भी जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अधिक से अधिक श्रमिकों को जीवन सुरक्षा योजनाओं का लाभ दिलाया जाए।
प्रधानमंत्री श्रम योगी मान-धन योजना पर विशेष चर्चा करते हुए बताया गया कि 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग के ऐसे असंगठित श्रमिक, जिनकी मासिक आय ₹15,000 तक है, इस योजना के पात्र हैं। योजना के तहत 60 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर ₹3,000 प्रतिमाह पेंशन दी जाती है, जिसमें श्रमिक के अंशदान के बराबर योगदान केंद्र सरकार द्वारा किया जाता है।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि आंगनबाड़ी सहायिकाओं, स्कूल रसोइयों और अन्य पात्र कर्मचारियों को प्राथमिकता के आधार पर इस योजना से जोड़ा जाए। साथ ही उपायुक्त उद्योग को निर्देशित किया गया कि जनपद के सभी कारखानों, कोल्ड स्टोरेज और औद्योगिक प्रतिष्ठानों में कार्यरत श्रमिकों का अद्यतन विवरण उपलब्ध कराया जाए तथा संविदा व आउटसोर्सिंग कर्मियों को मिल रही सुविधाओं की नियमित निगरानी की जाए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, अपर जिलाधिकारी देवेंद्र सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार, जिला विकास अधिकारी नरेंद्र देव द्विवेदी, उपायुक्त उद्योग प्रेमकांत, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी राजेश वर्मा सहित संबंधित अधिकारी एवं उद्योग बंधु उपस्थित रहे।
