कन्नौज में सपा कार्यकर्ताओं ने धूमधाम से मनाई अंबेडकर जयंती

टेन न्यूज़ ii 14 अप्रैल 2026 ii प्रभाष चंद्र ब्यूरो, कन्नौज।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देशानुसार जनपद कन्नौज में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती बड़े ही धूमधाम और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहब के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके पश्चात उपस्थित वक्ताओं ने उनके विचारों और आदर्शों को याद करते हुए समाज में उनके योगदान को विस्तार से बताया।
उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने संविधान के माध्यम से देश को समानता, न्याय और अधिकारों की मजबूत नींव दी, जिसे हर नागरिक का कर्तव्य है कि वह सुरक्षित रखे।
सपा प्रवक्ता विजय द्विवेदी ने अपने संबोधन में बाबा साहब के विचारों को विस्तार से रखते हुए सामाजिक समरसता और समानता पर जोर दिया। कार्यक्रम के दौरान पार्टी संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से सभी विधानसभा प्रभारियों की नियुक्ति भी की गई।
इस मौके पर जय कुमार तिवारी, हसीब हसन, आनंद यादव, पीपी सिंह सहित तमाम नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भागीदारी देखने को मिली, जिससे माहौल उत्साहपूर्ण और ऊर्जावान बना रहा।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने बाबा साहब के बताए मार्ग पर चलने और संविधान की रक्षा का संकल्प लिया।
