तिलहर में आनंद यादव ने किया वृक्षारोपण स्थल का निरीक्षण, पुराने प्रयासों को देख भावुक हुए
टेन न्यूज़ ii 14 अप्रैल 2026 ii अमुक सक्सेना, तिलहर/शाहजहांपुर
तिलहर नगर में अवकाश के दौरान अपने निवास पर आए समाजसेवी आनंद यादव आज भ्रमण पर निकले। इस दौरान उन्होंने डॉ. आंबेडकर पार्क पहुंचकर भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इसके पश्चात आनंद यादव अपने गृह नगर में भ्रमण करते हुए उस स्थल पर पहुंचे, जहां उन्होंने एकलव्य छात्रशक्ति संगठन के अध्यक्ष रहते हुए नगर पालिका परिषद के सहयोग से वृक्षारोपण अभियान चलाया था।
संगठन से जुड़े एक पदाधिकारी ने उन्हें उस स्थान की ओर संकेत किया, जहां वर्षों पूर्व लगाए गए पौधे अब विशाल और छायादार वृक्षों में परिवर्तित हो चुके हैं।
वृक्षों की हरियाली और उनकी घनी छांव को देखकर आनंद यादव भावुक हो उठे। उन्होंने कुछ समय उन्हीं वृक्षों के नीचे बैठकर उस सुखद अनुभव को महसूस किया और कहा कि “वास्तव में प्रकृति से सुंदर कुछ भी नहीं है। वर्षों पहले देखे गए सपनों का इस रूप में साकार होना अत्यंत संतोष और आत्मिक सुख प्रदान करता है।”
उन्होंने अपने पुराने साथियों और नगर पालिका परिषद का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही इस तरह के सकारात्मक बदलाव संभव हो पाते हैं। उन्होंने वृक्षों को पुत्र समान बताते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
अंत में उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने की अपील करते हुए कहा—
“वृक्ष धरा का भूषण हैं, करते दूर प्रदूषण हैं,
एक वृक्ष दस पुत्र समान।”
