Big News :“धीमी रफ्तार पर प्रशासन का डंडा” — शाहजहांपुर में 4 बीडीओ के तबादले से मचा हड़कंप
टेन न्यूज़ ii 14 अप्रैल 2026 ii अमुक सक्सेना, तिलहर/शाहजहांपुर
शाहजहांपुर। जनपद में विकास कार्यों की सुस्त रफ्तार पर प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए बड़ा एक्शन लिया है। मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) डॉ. अपराजिता सिंह ने एक झटके में चार खंड विकास अधिकारियों (बीडीओ) के कार्यक्षेत्र बदल दिए हैं। इस कार्रवाई को लापरवाही पर सीधा प्रहार माना जा रहा है, जिससे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।
जारी आदेश के मुताबिक, जैतीपुर के बीडीओ मनीष दत्त को बंडा ब्लॉक भेजा गया है। तिलहर में तैनात गिरजेश द्विवेदी को जिला ग्राम्य विकास अभिकरण (डीआरडीए) से संबद्ध कर दिया गया है।
वहीं बंडा के बीडीओ विजयकांत मिश्रा को तिलहर ब्लॉक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा डीआरडीए में कार्यरत बाबूलाल वर्मा को जैतीपुर ब्लॉक का नया बीडीओ बनाया गया है।
बताया जा रहा है कि कई ब्लॉकों में विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में देरी और गुणवत्ता को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सीडीओ ने यह सख्त कदम उठाया है।
प्रशासन का मानना है कि इस फेरबदल से विकास कार्यों में तेजी आएगी और निगरानी व्यवस्था भी मजबूत होगी। सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से कार्यभार ग्रहण कर योजनाओं को गति देने के निर्देश दिए गए हैं।
इस कार्रवाई से साफ है कि अब लापरवाही करने वाले अधिकारियों पर प्रशासन की नजर सख्त हो चुकी है।
