• Mon. Apr 20th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

शाहजहांपुर को मिली 47 करोड़ की सौगात, 4 बड़ी परियोजनाओं का लोकार्पण

ByTen News One Desk

Apr 20, 2026
11 Views

शाहजहांपुर को मिली 47 करोड़ की सौगात, 4 बड़ी परियोजनाओं का लोकार्पण


अहमदपुर नियाजपुर में बना आधुनिक सैटेलाइट बस अड्डा, कनेक्टिविटी होगी बेहतर


टेन न्यूज़ ii 20 अप्रैल 2026 ii डीपी सिंह@डेस्क न्यूज़
शाहजहांपुर, उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना एवं परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने जनपद शाहजहांपुर को बड़ी सौगात देते हुए 47 करोड़ रुपये की लागत से चार महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण किया। कार्यक्रम के दौरान अहमदपुर नियाजपुर स्थित नवनिर्मित सैटेलाइट बस अड्डे से बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

इस अवसर पर पुराने बस स्टेशन के सौंदर्यीकरण, लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर सैटेलाइट बस अड्डे के निर्माण, कार्यशाला निर्माण तथा डिटेंशन/डंपिंग यार्ड निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया गया। नए बस अड्डे का नाम महान समाजसेवी एवं आदर्श शासक लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर के सम्मान में रखा गया है।
परिवहन राज्य मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि शाहजहांपुर में लंबे समय से सुव्यवस्थित बस अड्डे की आवश्यकता महसूस की जा रही थी।

पुराने बस अड्डे की भीड़भाड़ और संकरी व्यवस्था के कारण यात्रियों को असुविधा होती थी, जिसे दूर करने के लिए इस आधुनिक सैटेलाइट बस अड्डे का निर्माण कराया गया है। उन्होंने बताया कि इससे शाहजहांपुर की कनेक्टिविटी बरेली, लखनऊ, सीतापुर और दिल्ली जैसे प्रमुख शहरों से बेहतर होगी। साथ ही कांट, पुवायां और तिलहर में भी बस अड्डों, डंपिंग यार्ड और ड्राइविंग प्रशिक्षण एवं रिसर्च सेंटर के निर्माण की योजना पर काम किया जा रहा है।

वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि 47 करोड़ रुपये की लागत से चार परियोजनाओं का लोकार्पण किसी भी जिले के लिए बड़ी उपलब्धि है।

उन्होंने बताया कि जिस स्थान पर बस अड्डा बनाया गया है, वह पहले जलभराव और गड्ढों से ग्रस्त क्षेत्र था, जिसे 6-8 माह की मेहनत से समतल कर उपयोग योग्य बनाया गया। इस परियोजना से न केवल यातायात व्यवस्था सुदृढ़ होगी, बल्कि स्वच्छता और शहरी विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने बताया कि स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत शाहजहांपुर में लगभग 350 करोड़ रुपये के विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं। करीब 200 करोड़ रुपये की लागत से बरेली मोड़ से सुभाष नगर होते हुए रिंग रोड तक सड़क निर्माण कार्य प्रगति पर है। इसके अलावा 1500 क्षमता वाला आधुनिक ऑडिटोरियम भी बनाया जा रहा है।

वित्त मंत्री ने यह भी बताया कि लगभग 403 किलोमीटर लंबी रेलवे लाइन का निर्माण प्रस्तावित/प्रगति पर है, जिससे क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी। साथ ही आगामी 29 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा हरदोई में गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया जाएगा, जिससे पूरे क्षेत्र को लाभ मिलेगा।

ऊर्जा क्षेत्र में सुधार का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि पेट्रोल में एथनॉल मिश्रण को बढ़ावा दिया जा रहा है और वर्तमान में लगभग 20 प्रतिशत एथनॉल मिलाया जा रहा है। साथ ही इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के लिए करीब 130 करोड़ रुपये की सब्सिडी स्वीकृत की गई है और हाइब्रिड वाहनों के पंजीकरण में भी छूट दी जा रही है, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

कार्यक्रम में सांसद अरुण कुमार सागर, राज्यसभा सांसद मिथिलेश कुमार कठेरिया, महापौर अर्चना वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी अपने विचार रखे और जनपद के विकास कार्यों की सराहना की।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष ममता यादव, जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अपराजिता सिंह, जिला अध्यक्ष केसी मिश्रा, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष डीसी राठौर, महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, नगर आयुक्त सौम्या गुरु रानी, अपर नगर आयुक्त एसके सिंह, आरएम रोडवेज रमेश कुमार, एआरएम अरुण कुमार सहित कई अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!