फर्जी वोटिंग के आरोपों को भाजपा प्रत्यासी समर्थक ने बताया अफवाह, सोनम गुप्ता की जीत का दावा
टेन न्यूज़ ii 05 मई 2026 ii डीपी सिंह, डेस्क न्यूज़@पप्पू अंसारी, मीरानपुर कटरा/शाहजहांपुर
कटरा नगर पंचायत उपचुनाव के दौरान लगे फर्जी वोटिंग के आरोपों को भाजपा खेमे ने सिरे से खारिज किया है। भाजपा प्रत्याशी सोनम गुप्ता के समर्थक एवं पूर्व चेयरमैन सुरेंद्र प्रकाश गुप्ता ने इन आरोपों को पूरी तरह निराधार और भ्रामक बताते हुए कहा कि विपक्ष हार के डर से इस तरह के आरोप लगा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि सोनम गुप्ता भारी बहुमत से विजयी होंगी।
सुरेंद्र प्रकाश गुप्ता ने नगर की जनता और सभी कार्यकर्ताओं से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में विश्वास रखना जरूरी है। उन्होंने कहा कि चुनाव पूरी पारदर्शिता और प्रशासनिक निगरानी में सम्पन्न हुआ है।
वहीं, चुनाव के दौरान भाजपा संगठन पूरी तरह सक्रिय नजर आया। सोनम गुप्ता के समर्थन में भाजपा विधायक समेत जिले के कई वरिष्ठ नेता लगातार क्षेत्र में भ्रमण करते रहे। विभिन्न वार्डों में कार्यकर्ताओं ने घर-घर संपर्क कर मतदाताओं से समर्थन मांगा और अधिक से अधिक मतदान सुनिश्चित कराने का प्रयास किया।
चुनावी दिन पर भाजपा की नगर इकाई भी पूरी तरह मुस्तैद दिखी। कार्यकर्ता चारों ओर सक्रिय रहकर बूथ प्रबंधन और मतदाताओं को जागरूक करने में जुटे रहे। कुल मिलाकर भाजपा ने इस चुनाव को प्रतिष्ठा का सवाल मानते हुए पूरी ताकत झोंक दी है और अब परिणाम को लेकर आत्मविश्वास से भरी नजर आ रही है।
