• Mon. Nov 23rd, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए विशेष पुनरीक्षण अभियान में तेजी लाने के निर्देश

ByTen News One Desk

Nov 23, 2026
26 Views

मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए विशेष पुनरीक्षण अभियान में तेजी लाने के निर्देश


रोल प्रेक्षक ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ की समीक्षा बैठक, महिला और युवा मतदाताओं के पंजीकरण पर दिया जोर


टेन न्यूज़ !! २३ नवम्बर २०२६ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो ,

कन्नौज। विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 को लेकर कलेक्ट्रेट स्थित गांधी सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। कानपुर मंडल के आयुक्त एवं रोल प्रेक्षक एस. राजलिंगम की अध्यक्षता में हुई बैठक में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ मतदाता पंजीकरण की प्रगति, दावे-आपत्तियों और विशेष अभियान की समीक्षा की गई।

रोल प्रेक्षक ने बताया कि जनपद की अनुमानित आबादी 20 लाख 68 हजार 266 के सापेक्ष वर्तमान में 10 लाख 78 हजार 718 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 5 लाख 93 हजार 779 पुरुष, 4 लाख 84 हजार 908 महिला और 31 तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं। जनपद का जेंडर रेशियो 817 और ईपी रेशियो 52.16 है। उन्होंने महिला मतदाताओं और युवाओं का पंजीकरण अपेक्षा के अनुरूप नहीं होने पर चिंता जताई।

उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने में सहयोग करने की अपील की। विशेष रूप से 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं, महिलाओं, विवाह के बाद जनपद में आई महिलाओं और अन्य छूटे हुए पात्र नागरिकों का पंजीकरण प्राथमिकता से कराने के निर्देश दिए।

समीक्षा में बताया गया कि 17 से 21 नवंबर 2026 तक तीनों विधानसभा क्षेत्रों में 8,584 फार्म-6, 498 फार्म-7 और 750 फार्म-8 प्राप्त हुए। वहीं, 21 नवंबर को आयोजित विशेष अभियान में 4,558 फार्म-6, 438 फार्म-7 और 555 फार्म-8 प्राप्त किए गए। रोल प्रेक्षक ने इस प्रगति को अपेक्षा के अनुरूप नहीं बताते हुए कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

उन्होंने उप जिलाधिकारियों को निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के साथ प्रतिदिन समीक्षा करने और बूथवार निरीक्षण कर वास्तविक प्रगति का आकलन करने को कहा। साथ ही सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने लक्ष्य एवं दायित्वों के प्रति गंभीर रहने के निर्देश दिए।

बैठक के बाद रोल प्रेक्षक ने विधानसभा क्षेत्र 198-कन्नौज के गोमती देवी गर्ल्स इंटर कॉलेज स्थित मतदेय स्थल संख्या 235, 236, 237 और 238 का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने बीएलओ से ऐप पर लॉगिन कराकर कार्य की स्थिति देखी और 18-19 वर्ष के सभी पात्र युवाओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के निर्देश दिए।

जिला निर्वाचन अधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने कहा कि पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने की प्रक्रिया सरल और पारदर्शी है। उन्होंने नागरिकों से निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपना पंजीकरण कराने की अपील की।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) रतन सहित संबंधित अधिकारी और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!