“कन्नौज में मस्जिद के पीछे हत्या से सनसनी! CCTV में कैद हुई पूरी वारदात, आरोपी हिरासत में लिया ”

टेन न्यूज़ !! १३ मई २०२६ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो, कन्नौज
कन्नौज के थाना कोतवाली क्षेत्र स्थित मोहल्ला शेखाना में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब मगदूम जहानिया मस्जिद के पीछे एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना पुलिस को प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस जांच में मृतक की पहचान निजामुद्दीन पुत्र साकिर अली निवासी ताजपुर नौकास्त के रूप में हुई। बताया गया कि निजामुद्दीन अपने एक परिचित के घर आए हुए थे। इसी दौरान मोहल्ला निवासी मानसिक रूप से विक्षिप्त बताए जा रहे वसीक मुल्ला पुत्र भज्जू पहलवान वहां पहुंचा, जहां किसी बात को लेकर दोनों के बीच गुत्थमगुत्था हो गई।
इसी दौरान आरोपी द्वारा गमछे से खींचने और घसीटने पर निजामुद्दीन की मौत हो गई। घटना स्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों में पूरी घटना रिकॉर्ड होने की पुष्टि हुई है, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच तेज कर दी है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार क्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है।
मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक कन्नौज ने भी घटना की जानकारी देते हुए आवश्यक कार्रवाई किए जाने की बात कही।
