सहिलापुर में सरकार की महत्वाकांक्षी पेयजल योजना बदहाली पर आंसू बहा रही पाइपलाइन

टेन न्यूज़ !! २२ मई २०२६ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो, कन्नौज
कन्नौज। विकास खंड सदर कन्नौज की ग्राम पंचायत सहिलापुर में सरकार की महत्वाकांक्षी पेयजल योजना जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही के चलते दम तोड़ती नजर आ रही है। ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए करोड़ों रुपये खर्च कर गांव में पाइपलाइन बिछाई गई और पानी की टंकी का निर्माण कराया गया, लेकिन एक वर्ष बीत जाने के बाद भी योजना धरातल पर पूरी तरह फेल साबित हो रही है।
हालात यह हैं कि गांव में बिछाई गई पाइपलाइन अपनी बदहाली पर आंसू बहा रही है, जबकि लाखों रुपये की लागत से बनाई गई पानी की टंकी आज भी केवल शोपीस बनी हुई है। भीषण गर्मी के बीच ग्रामीण पानी की समस्या से जूझने को मजबूर हैं और उन्हें पीने के पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार प्रशासनिक अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन आज तक समस्या का कोई समाधान नहीं हो सका। गांव में लगाए गए वाटर कूलर और हैंड पाइप भी सिर्फ दिखावा बनकर रह गए हैं। लोगों का कहना है कि वाटर कूलर लगाए जाने के बाद भी आज तक उन्हें ठंडा पानी नसीब नहीं हुआ।
ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। उनका कहना है कि सरकार की योजनाएं केवल कागजों में चल रही हैं, जबकि जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है।
अब बड़ा सवाल यह है कि खबर प्रकाशन के बाद प्रशासन कितनी जल्दी ग्रामीणों को पेयजल सुविधा उपलब्ध करा पाता है, या फिर यह योजना यूं ही कागजों तक सीमित रह जाएगी।