बछरावां क्षेत्रगत प्लाई फैक्ट्री में भीषण अग्निकांड, कई करोड़ का माल जलकर खाक, 7 दमकल गाड़ियां मौके पर

टेन न्यूज़ !! २५ मई २०२६ !! रिपोर्ट: वसीम खान, ब्यूरो | लोकेशन: रायबरेली
रायबरेली। बछरावां थाना क्षेत्र के इंडस्ट्रियल एरिया से देर रात एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां एक प्लाई फैक्ट्री में अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते पूरी फैक्ट्री उसकी चपेट में आ गई। इस अग्निकांड में करोड़ों रुपये मूल्य की प्लाई, कच्चा माल और मशीनें जलकर राख हो गईं।
जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब 3 बजे की है। अचानक फैक्ट्री परिसर से धुआं और आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। रात का समय होने और फैक्ट्री में भारी मात्रा में सूखी लकड़ी तथा ज्वलनशील सामग्री मौजूद होने के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप धारण कर लिया। आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। आग की गंभीरता को देखते हुए फायर ब्रिगेड की करीब 7 गाड़ियों को मौके पर लगाया गया। दमकल कर्मी लगातार आग पर काबू पाने में जुटे रहे, लेकिन समाचार लिखे जाने तक आग पूरी तरह नियंत्रित नहीं हो सकी थी। क्षेत्र में चारों ओर धुएं का गुबार और तेज लपटें दिखाई देती रहीं।
फैक्ट्री मालिक राकेश जलाल ने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। हालांकि इस हादसे में कई करोड़ रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। फैक्ट्री में रखी प्लाई, कच्चा माल और मशीनें पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई हैं।
फिलहाल स्थानीय प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर तैनात हैं। प्रशासन की प्राथमिकता आग को पूरी तरह बुझाने और आसपास की अन्य फैक्ट्रियों तक आग फैलने से रोकने की है।