बरेली पुलिस में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 46 पुलिसकर्मियों के तबादले![]()
टेन न्यूज ii 16 जून 2026 ii राकेश कुमार
बरेली। जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) बरेली द्वारा बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। जारी आदेश के तहत 2 निरीक्षकों (इंस्पेक्टर) और 44 उप निरीक्षकों (सब-इंस्पेक्टर) सहित कुल 46 पुलिस अधिकारियों का तत्काल प्रभाव से स्थानांतरण कर नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
तबादला सूची के अनुसार निरीक्षक अजीत सिंह को थाना शीशगढ़ तथा निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह को थाना प्रेमनगर में निरीक्षक अपराध के पद पर नियुक्त किया गया है। वहीं उप निरीक्षकों में श्रीनिवास को थाना कैंट का वरिष्ठ उप निरीक्षक, पुनीत कुमार को ढकिया डाम चौकी, रवि राज पावड़िया को चौराहा चौकी तथा राजेंद्र सिंह को जिला अस्पताल चौकी का प्रभारी बनाया गया है।
इसके अलावा कई अन्य उप निरीक्षकों को भी विभिन्न थानों एवं महत्वपूर्ण चौकियों पर नई तैनाती दी गई है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि यह बदलाव अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ करने तथा आमजन की शिकायतों के त्वरित निस्तारण को ध्यान में रखते हुए किया गया है।
एसएसपी कार्यालय की ओर से सभी स्थानांतरित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपने नए तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। माना जा रहा है कि इस प्रशासनिक फेरबदल से पुलिस व्यवस्था को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।