• Tue. Jul 21st, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

जिलाधिकारी का सीएचसी पर औचक निरीक्षण, जलालाबाद में ताला बंद मिलने पर सख्त, कार्रवाई के निर्देश

ByTen News One Desk

Jun 16, 2026
53 Views

जिलाधिकारी का सीएचसी पर औचक निरीक्षण, जलालाबाद में ताला बंद मिलने पर सख्त, कार्रवाई के निर्देश


टेन न्यूज ii 16 जून 2026 ii डीपी सिंह, डेस्क न्यूज

शाहजहाँपुर। जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जरियनपुर एवं जलालाबाद का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जलालाबाद में सामने आई गंभीर लापरवाही पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने सबसे पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जरियनपुर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने टीकाकरण, एक्स-रे, दवा वितरण सहित विभिन्न कक्षों का निरीक्षण कर मरीजों से मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने केंद्र में कुलर, रेफ्रिजरेटर एवं सोलर सिस्टम लगाए जाने के निर्देश दिए। साथ ही स्वास्थ्य केंद्र की रंगाई-पुताई कर परिसर को व्यवस्थित एवं सुंदर बनाए जाने के लिए भी कहा।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने जरियनपुर गांव में प्रस्तावित बस स्टेशन के लिए स्थान का भी निरीक्षण किया। उन्होंने उप जिलाधिकारी को निर्देश दिए कि तालाब की भूमि एक्सचेंज कर बस स्टैंड निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाए।

इसके बाद जिलाधिकारी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जलालाबाद का औचक निरीक्षण किया, जहां मुख्य द्वार पर ताला बंद मिला। इस पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। निरीक्षण के दौरान केंद्र पर तैनात अधिकांश कर्मचारी अपने निर्धारित कक्षों से अनुपस्थित पाए गए, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े हुए।

निरीक्षण के समय केवल गार्ड रमेश चंद्र, वार्ड बॉय मोहम्मद जीशान तथा फार्मासिस्ट मोहम्मद इलियास ही उपस्थित मिले। वहीं दवा लेने पहुंचे मरीज और तीमारदार केंद्र के बाहर इंतजार करते दिखाई दिए। मौके पर मौजूद लोगों ने जिलाधिकारी को बताया कि उन्हें समय पर दवाइयां नहीं मिल पा रही हैं, जिससे उपचार व्यवस्था प्रभावित हो रही है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने दवाइयों के स्टॉक एवं वितरण रजिस्टर का तत्काल मिलान कराने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता की जांच की जा सके। उन्होंने स्पष्ट कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही, कर्मचारियों की अनुपस्थिति तथा मरीजों को दवाइयां न मिलना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।

जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जलालाबाद में पाई गई लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!