केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर कन्नौज में प्रबुद्धजन सम्मेलन, विकसित भारत के संकल्प पर हुआ मंथन![]()
टेन न्यूज़ ii 16 जून 2026 ii प्रभाष चन्द्र ब्यूरो
कन्नौज। केंद्र सरकार के सफल एवं जनसेवा को समर्पित 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनपद कन्नौज के राजकीय मेडिकल कॉलेज तिर्वा स्थित ऑडिटोरियम सभागार में विकसित भारत संकल्प यात्रा के अंतर्गत प्रबुद्धजन सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियों तथा विकसित भारत के संकल्प पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) समाज कल्याण विभाग असीम अरुण, राज्यमंत्री ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा कैलाश राजपूत, विधायक छिबरामऊ अर्चना पाण्डेय, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रिया शाक्य एवं भाजपा जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया सहित अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर 5 कृषकों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड एवं 5 किसानों को मिनीकिट बीज वितरित कर आधुनिक एवं वैज्ञानिक खेती को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया। साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों शालिनी, आरती, निशा गुप्ता, सीता, माया एवं नीले को स्मार्ट मोबाइल फोन, रानी को इन्फैन्टोमीटर तथा शांति देवी को स्टेडियोमीटर प्रदान किए गए।
राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) समाज कल्याण विभाग असीम अरुण ने कहा कि बीते 12 वर्षों में देश ने सुशासन, सेवा, गरीब कल्याण एवं समावेशी विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त किया है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाएं अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंच रही हैं और ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास एवं सबका प्रयास’ की भावना को साकार कर रही हैं। उन्होंने विकसित भारत के निर्माण में किसान, युवा, महिला एवं गरीब वर्ग की भागीदारी को आवश्यक बताया।
राज्यमंत्री ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा कैलाश राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश ऊर्जा आत्मनिर्भरता, आधारभूत संरचना विकास और ग्रामीण सशक्तिकरण की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का निर्माण जनभागीदारी, सुशासन और तकनीक आधारित विकास से ही संभव है।
कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों ने किसानों एवं ग्रामीणों से संवाद करते हुए फसलों की सुरक्षा, जल संरक्षण, प्राकृतिक एवं वैज्ञानिक खेती, आधुनिक कृषि तकनीकों के उपयोग तथा किसानों की आय बढ़ाने के प्रयासों पर चर्चा की। साथ ही केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी साझा करते हुए ‘विकसित कृषि से विकसित भारत’ के संकल्प को दोहराया गया।
सम्मेलन में बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन, किसान, जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।