कन्नौज में वक्फ भूमि पर कब्जे का विवाद गरमाया, जिलाधिकारी से सीमांकन की मांग![]()
टेन न्यूज़ ii 18 जून 2026 ii प्रभाष चन्द्र ब्यूरो
कन्नौज, उत्तर प्रदेश। जनपद कन्नौज में वक्फ संपत्ति को लेकर एक बार फिर विवाद गहराता नजर आ रहा है। ईडेन ह्यूमन वेलफेयर सोसाइटी की ओर से जिलाधिकारी कन्नौज को प्रार्थना पत्र सौंपकर वक्फ संख्या-39 की भूमि का सीमांकन और चिन्हांकन कराने की मांग की गई है। संस्था ने भूमि पर अवैध कब्जे की आशंका जताते हुए प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की अपील की है।
प्रार्थना पत्र के अनुसार, अल्लाहगंज गुरौली (तहसील तिर्वा) स्थित वक्फ संख्या-39 की भूमि वर्ष 1953-54 से वक्फ संपत्ति के रूप में दर्ज है, जिसमें कई गाटा संख्या शामिल हैं। संस्था का आरोप है कि कुछ लोग इस भूमि पर अवैध रूप से कब्जा कर अपने अधिकार का दावा करने की कोशिश कर रहे हैं।
सोसाइटी पदाधिकारियों ने मांग की है कि राजस्व विभाग के माध्यम से जमीन का सीमांकन कराया जाए, ताकि भूमि की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके और भविष्य में किसी विवाद से बचा जा सके। साथ ही संबंधित भूमि पर किसी भी निर्माण कार्य या कब्जे की कार्रवाई पर रोक लगाने के निर्देश जारी करने की मांग भी उठाई गई है।
इस दौरान तौफीक खान, बबलू अख्तर, इकरार और कमेटी अध्यक्ष इस्तेखा हुसैन ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और शीघ्र कार्रवाई की मांग की। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि जिला प्रशासन इस संवेदनशील मामले में क्या कदम उठाता है।