रायबरेली: सईं नदी में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला महिला का शव, शिनाख्त के प्रयास जारी![]()
टेन न्यूज ii 18 जून 2026 ii रिपोर्ट: वसीम खान
लोकेशन: रायबरेली
रायबरेली जनपद के हरचंदपुर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ आस्तिक मंदिर के पास स्थित सईं नदी में एक अज्ञात महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में उतराता हुआ मिला। नदी में शव दिखाई देने के बाद स्थानीय ग्रामीणों में हड़कंप मच गया और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह कुछ ग्रामीण नदी किनारे पहुंचे थे, तभी उनकी नजर पानी में उतराते हुए शव पर पड़ी। शव दिखाई देते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने बिना देर किए इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही हरचंदपुर थाना पुलिस पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए और आसपास के क्षेत्र का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से महिला के शव को नदी से बाहर निकलवाकर अपने कब्जे में ले लिया।
फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो सकी है। उसकी उम्र और निवास स्थान के बारे में भी अभी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस आसपास के गांवों के लोगों को बुलाकर शव की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है। इसके साथ ही हाल ही में दर्ज लापता लोगों की सूची से भी शव का मिलान किया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है, इसलिए हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस हत्या, आत्महत्या अथवा किसी अन्य कारण से हुई मौत—सभी संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी हुई है। क्षेत्र में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं बनी हुई हैं।
टेन न्यूज के लिए रायबरेली से ब्यूरो वसीम खान की रिपोर्ट।