शाहजहांपुर में वृद्ध महिला से 17.19 लाख रुपये की साइबर ठगी का पुलिस ने किया खुलासा, मां-बेटे गिरफ्तार

शाहजहाँपुर। जनपदीय साइबर टीम एवं थाना सदर बाजार पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में वृद्ध महिला के खाते से धोखाधड़ी कर 17 लाख 19 हजार 500 रुपये निकालने के मामले में वांछित मां-बेटे को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 13.15 लाख रुपये मूल्य की सोने व डायमंड की ज्वेलरी, तीन मोबाइल फोन, बैंक डेबिट कार्ड तथा 36,642 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत साइबर सेल और थाना सदर बाजार पुलिस ने शनिवार को रिंग रोड अंडरपास के सामने शहवाजनगर क्षेत्र से आरोपी ऋतिक सिंह (26) एवं उसकी मां रेखा सिंह (52) को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, 19 जून 2026 को एक वृद्ध महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके मोबाइल फोन की सिम का दुरुपयोग कर बैंक खाते से 17.19 लाख रुपये निकाल लिए गए हैं। मामले में थाना सदर बाजार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पीड़िता के रिश्तेदार हैं और उन्हें जानकारी थी कि पीड़िता को संपत्ति बिक्री के बाद लगभग 52 लाख रुपये प्राप्त हुए थे। इसी लालच में उन्होंने योजना बनाकर पहले पीड़िता के नाम से नया डेबिट कार्ड प्राप्त किया और फिर बैंक खाते से जुड़े मोबाइल नंबर की सिम अपने कब्जे में लेकर विभिन्न माध्यमों से रकम निकालनी शुरू कर दी।
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने एटीएम, यूपीआई, पीओएस मशीन और आईएमपीएस के माध्यम से कुल 38 ट्रांजेक्शन कर 17 लाख 19 हजार 500 रुपये निकाले। ठगी की रकम से सोने और डायमंड के आभूषण खरीदे गए, जबकि कुछ धनराशि अन्य रिश्तेदारों को भी दी गई। पुलिस इस संबंध में आगे की जांच कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी ऋतिक सिंह के कब्जे से विभिन्न ज्वैलर्स से खरीदी गई ज्वेलरी, दो मोबाइल फोन, पीड़िता के नाम का यूनियन बैंक डेबिट कार्ड, नकद 30,500 रुपये तथा अन्य सामान बरामद हुआ। वहीं रेखा सिंह के कब्जे से ज्वेलरी, एक मोबाइल फोन और 6,142 रुपये नकद बरामद किए गए।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में अतिरिक्त धाराएं बढ़ाते हुए आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश किया है।
बरामदगी
- सोने एवं डायमंड की ज्वेलरी (कुल कीमत लगभग 13.15 लाख रुपये)
- तीन मोबाइल फोन
- यूनियन बैंक का डेबिट कार्ड
- 36,642 रुपये नकद
गिरफ्तारी करने वाली टीम
साइबर सेल एवं थाना सदर बाजार पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया, जिसमें प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार, उपनिरीक्षक मोहन देव शर्मा, उपनिरीक्षक सचिन भारती सहित कई पुलिसकर्मी शामिल रहे।