• Sat. Jun 20th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

कटरा में बिजली संकट पर भड़का जनाक्रोश, नगर पंचायत अध्यक्ष ने एक्सईएन को सौंपा ज्ञापन

ByTen News One Desk

Jun 20, 2026
1 Views

कटरा में बिजली संकट पर भड़का जनाक्रोश, नगर पंचायत अध्यक्ष ने एक्सईएन को सौंपा ज्ञापन


8 से 10 घंटे की कटौती, जर्जर तारों और अधिकारियों की कार्यशैली पर उठे सवाल


टेन न्यूज़ !! २० जून २०२६ !! पप्पू अंसारी

मीरानपुर कटरा/शाहजहांपुर । नगर पंचायत कटरा में लगातार हो रही बिजली कटौती और जर्जर विद्युत व्यवस्था को लेकर लोगों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। शनिवार को नगर पंचायत अध्यक्ष डॉ. पूजा कसाना के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने तिलहर विद्युत उपखंड कार्यालय पहुंचकर अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) को ज्ञापन सौंपा और बिजली व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की।

नगर पंचायत की ओर से दिए गए ज्ञापन में बताया गया कि बंगशान, रामनगर कॉलोनी सहित नगर के कई मोहल्लों में आए दिन बिजली आपूर्ति बाधित रहती है। जर्जर विद्युत तारों और बार-बार होने वाले फाल्ट के कारण उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी के बीच कई-कई घंटे बिजली गुल रहने से लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है।

नगर पंचायत अध्यक्ष डॉ. पूजा कसाना ने आरोप लगाया कि कटरा में तैनात एसडीओ जनता की समस्याओं के प्रति गंभीर नहीं हैं। उन्होंने कहा कि फाल्ट होने की स्थिति में लाइनमैन और संबंधित अधिकारियों के फोन तक बंद हो जाते हैं, जिससे शिकायतों का समय पर समाधान नहीं हो पाता। उन्होंने कटरा के वर्तमान एसडीओ का स्थानांतरण कर किसी जिम्मेदार अधिकारी की तैनाती किए जाने की मांग भी उठाई।

डॉ. पूजा कसाना ने कहा कि नगरवासियों ने उन पर भरोसा कर उन्हें अपना प्रतिनिधि चुना है और उनकी समस्याओं का समाधान कराना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो जनता के साथ मिलकर व्यापक आंदोलन किया जाएगा।

ज्ञापन सौंपने के दौरान दानिश जीशान खान, आरिफ जीशान खान, पुनीत गुप्ता, गुड्डू ड्राइवर सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। नगर में लगातार बढ़ रहे बिजली संकट को लेकर लोगों में नाराजगी व्याप्त है और विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!