खुदागंज-बीसलपुर मार्ग पर ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आकर दादा-पोते की दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम

टेन न्यूज़ !! २1 जून २०२६ !! रिपोर्टर : पप्पू अंसारी, मीरानपुर कटरा/खुदागंज/शाहजहांपुर ।
खुदागंज-बीसलपुर मार्ग पर शनिवार शाम हुए एक भीषण सड़क हादसे में दादा और उनके मासूम पोते की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना खुदागंज क्षेत्र के ग्राम दतेली निवासी बुधपाल गंगवार (50 वर्ष) का पुत्र सर्वेश गंगवार रुद्रपुर में नौकरी करता है। शनिवार को सर्वेश घर लौट रहा था, जिसे लेने के लिए बुधपाल अपनी बाइक से खुदागंज जा रहे थे। इसी दौरान सर्वेश का पांच वर्षीय पुत्र अस्मित उर्फ अर्णव भी दादा के साथ जाने की जिद करने लगा। दादा उसे भी बाइक पर बैठाकर अपने साथ ले गए।
बताया जाता है कि शनिवार शाम करीब साढ़े आठ बजे जब उनकी बाइक नई बाजार के सामने खुदागंज-बीसलपुर रोड पर पहुंची, तभी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई और दादा-पोता ट्रॉली के पहियों की चपेट में आ गए। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटरा पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हादसे की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंच गए। मृतक के बड़े बेटे सर्वेश गंगवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। बताया जाता है कि कुछ वर्ष पूर्व बुधपाल की पत्नी की भी एक सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो चुकी थी। अब पिता और पुत्र की एक साथ मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है। मासूम की मां सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
गांव में मातम का माहौल है और हर आंख नम दिखाई दे रही है। पुलिस फरार ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक की तलाश में जुटी हुई है तथा मामले की जांच कर रही है।
यह दर्दनाक हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और लापरवाह वाहन संचालन पर गंभीर सवाल खड़े करता है।