कन्नौज : सदर तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस सम्पन्न, 187 शिकायतों में 18 का मौके पर निस्तारण![]()
टेन न्यूज ii 06 जुलाई 2026 ii रिपोर्ट: प्रभाष चंद्र ब्यूरो, कन्नौज
जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में सोमवार को सदर तहसील सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों ने अपनी समस्याएं एवं शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखीं। जिलाधिकारी ने प्रत्येक प्रकरण को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 187 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 18 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी मामलों का निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रभावी एवं संतोषजनक समाधान किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने किसानों को आम, अमरूद सहित अन्य उपयोगी पौधों का वितरण कर पर्यावरण संरक्षण और अधिकाधिक वृक्षारोपण का संदेश दिया। उन्होंने किसानों से पौधों का संरक्षण करने तथा उन्हें विकसित करने का आह्वान करते हुए कहा कि इससे पर्यावरण संतुलन के साथ भावी पीढ़ियों को भी लाभ मिलेगा।![]()
जिलाधिकारी ने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और यह आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान का सशक्त माध्यम है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण में केवल औपचारिकता न बरती जाए, बल्कि स्थायी एवं व्यावहारिक समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन का प्रशासन पर विश्वास और अधिक मजबूत हो।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विकास चन्द्र, प्रभागीय वनाधिकारी हेमंत सेठ, उप जिलाधिकारी सदर नवनीता राय, तहसीलदार तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।