अजीतमल : समाधान दिवस में व्यवस्थाएं सुदृढ़ करने की बजाय मीडिया कर्मियों को वीडियो कवरेज से रोकने और प्रेस कार्ड जांचने में जुटे रहे जिला सूचना अधिकारी, पत्रकारों में नाराजगी![]()
प्रशासनिक व्यवस्थाओं की नाकामी छिपाने के लिए मीडिया को कंट्रोल करने की कोशिश?
टेन न्यूज़ ii 06 जुलाई 2026 ii रिपोर्ट: ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल
औरैया।
अजीतमल तहसील सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान पत्रकारों और प्रशासन के बीच उस समय विवाद की स्थिति बन गई, जब कार्यक्रम की कवरेज कर रहे पत्रकारों से जिला सूचना अधिकारी योगेंद्र प्रताप सिंह ने परिचय पत्र (आईडी कार्ड) दिखाने को कहा। कुछ पत्रकारों ने आरोप लगाया कि उन्हें वीडियो कवरेज करने से भी रोका गया, जिससे पत्रकारों में नाराजगी फैल गई।
पत्रकारों का कहना है कि संपूर्ण समाधान दिवस का उद्देश्य आमजन की शिकायतों का त्वरित निस्तारण करना है, लेकिन कार्यक्रम के दौरान प्रशासन का अधिक ध्यान मीडिया कर्मियों के परिचय पत्रों की जांच और उनकी गतिविधियों पर केंद्रित दिखाई दिया। पत्रकारों ने इसे अनुचित बताते हुए कहा कि इससे स्वतंत्र एवं निष्पक्ष पत्रकारिता प्रभावित होती है।
कुछ पत्रकारों ने आरोप लगाया कि प्रशासनिक व्यवस्थाओं की कमियों को उजागर होने से रोकने के लिए मीडिया की कवरेज पर अनावश्यक प्रतिबंध लगाने का प्रयास किया गया। उनका कहना है कि यदि कार्यक्रम में सब कुछ पारदर्शी ढंग से संचालित हो रहा था, तो पत्रकारों को समाचार संकलन और वीडियो कवरेज से रोकने की आवश्यकता नहीं थी।
हालांकि, इस पूरे मामले में जिला प्रशासन अथवा जिला सूचना अधिकारी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। यदि प्रशासन का पक्ष प्राप्त होता है, तो उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।