एक लाख का इनामी गैंगस्टर योगेश मलिक उर्फ भदौरिया ऊधमसिंहनगर से गिरफ्तार

टेन न्यूज़ !! ०९ जुलाई २०२६ !! अंश कुमार गुप्ता ब्यूरो
ऊधमसिंहनगर। उत्तराखंड के ऊधमसिंहनगर पुलिस ने अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए उत्तर प्रदेश के एक लाख रुपये के इनामी गैंगस्टर योगेश मलिक उर्फ भदौरिया को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक .315 बोर का अवैध तमंचा और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के नेतृत्व में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत कोतवाली आईटीआई पुलिस ने चैती मेला मार्ग स्थित खंडहर के पास घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया।
पूछताछ में सामने आया कि योगेश मलिक उर्फ भदौरिया उत्तर प्रदेश पुलिस का घोषित एक लाख रुपये का इनामी अपराधी है। उसके विरुद्ध हत्या, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट सहित 46 से अधिक गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। थाना गंगोह पुलिस ने भी उस पर घोषित एक लाख रुपये के इनाम की पुष्टि की है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बरामदगी के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी वांछित अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।
ऊधमसिंहनगर पुलिस की इस कार्रवाई को संगठित अपराध के विरुद्ध बड़ी सफलता माना जा रहा है।